मुजफ्फरनगर में बारिश का कहर: 10 मकान ढहे, चार घायल, फसलें डूबीं

जिले में बुधवार को मौसम ने करवट बदलते हुए जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया। दिन की शुरुआत धूप से हुई, लेकिन दोपहर होते ही मूसलाधार बारिश ने हालात बिगाड़ दिए। देहात क्षेत्र में 10 मकान जमींदोज हो गए। रोनी हरजीपुर गांव में एक मकान गिरने से परिवार मलबे में दब गया, जिसमें चार लोग घायल हो गए।
गांव निवासी अनुज का मकान देर रात भारी बारिश में गिर पड़ा। हादसे के समय पूरा परिवार सो रहा था। मलबे में दबने से पत्नी मनसा गंभीर रूप से घायल हुईं, जिन्हें मेरठ रेफर किया गया है। दोनों बेटे आर्यन और हर्षित का इलाज अस्पताल में चल रहा है। हादसे में दो पालतू पशुओं की भी मौत हो गई और घर का सामान पूरी तरह नष्ट हो गया।
ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को बाहर निकाला गया। मौके पर पहुंचे राजस्व विभाग के अधिकारियों ने नुकसान का आकलन किया। उधर, एक अन्य ग्रामीण सुनील कुमार का मकान गिरने से घरेलू सामान क्षतिग्रस्त हो गया।
भारी बारिश से सोलानी, हिंडन और काली नदियों का जलस्तर बढ़ गया है। खेतों में खड़ी सैकड़ों बीघा फसल पानी में डूब गई।
शहर में जलभराव
बारिश के चलते शहर के निचले इलाकों में जलभराव हो गया। जिले में 33.4 मिमी वर्षा दर्ज की गई। दिन में धूप निकलने से अधिकतम तापमान 30.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23.8 डिग्री दर्ज किया गया।
चार दिन का बारिश का हाल
- 03 सितंबर: 33.4 मिमी
- 02 सितंबर: 9.2 मिमी
- 01 सितंबर: 94.4 मिमी
- 31 अगस्त: 3.6 मिमी
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.