उज्जैन: मोहर्रम जुलूस में 40 फीट ऊंचाई पर वैन लटकाकर किया धमाका, चार पर FIR

इंदौर। उज्जैन जिले के बड़नगर में मोहर्रम जुलूस के दौरान हुए एक प्रदर्शन का वीडियो सामने आने के बाद विवाद खड़ा हो गया है। सोशल मीडिया पर वायरल क्लिप में एक टाटा मैजिक वैन को क्रेन की मदद से करीब 40 फीट ऊंचाई पर लटकाकर उसमें विस्फोट होते हुए दिखाया गया है। मामले के तूल पकड़ने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और चार लोगों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की गई है।
जुलूस के दौरान हुआ था प्रदर्शन
जानकारी के अनुसार 23 जून की रात बड़नगर के अडान मोहल्ले से मोहर्रम का जुलूस निकाला गया था, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल थे। वायरल वीडियो में दिख रहा है कि एक टाटा मैजिक वैन को क्रेन से बांधकर हवा में उठाया गया, जिस पर दो नकाबपोश युवक खड़े होकर लाल झंडा लहरा रहे थे। कुछ देर बाद वाहन को और ऊंचा उठाया गया और उसी दौरान उसमें विस्फोट जैसा दृश्य नजर आता है।
बताया जा रहा है कि वाहन पर ‘ले फिर आ गए’ लिखा हुआ था। इस घटना का वीडियो एक इंस्टाग्राम आईडी ‘परवेज एडिट्स 2.0’ से भी शेयर किया गया, जिसके बाद यह तेजी से वायरल हो गया।
पुलिस जांच में जुटी, एफआईआर दर्ज
वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार इस तरह की गतिविधि का उद्देश्य और संदेश क्या था, इसकी भी जांच की जा रही है।
बड़नगर थाना प्रभारी कमलेश सिंगार ने बताया कि प्रारंभिक जांच के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है और मामले की विस्तृत जांच जारी है। आयोजकों और संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस ने इस मामले में आयोजक शोएब खान सहित चार लोगों को नामजद किया है, जिनमें जाहिद खान, तस्लीम और वाहन मालिक भी शामिल हैं।
धार्मिक संगठनों की प्रतिक्रिया
घटना के वीडियो को लेकर विभिन्न संगठनों ने आपत्ति जताई है। कुछ हिंदू संगठनों ने इस तरह के प्रदर्शन को लेकर नाराजगी जताते हुए प्रशासन से सवाल उठाए हैं। वहीं पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.