देशभर में विमान सेवाओं में तकनीकी दिक्कतों के मामले लगातार सामने आ रहे हैं, जिनका सीधा असर यात्रियों पर पड़ रहा है। ताजा मामला लखनऊ एयरपोर्ट का है, जहां इंडिगो की लखनऊ-देहरादून उड़ान (फ्लाइट संख्या 6E 515) में तकनीकी खराबी आने से यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ा। उड़ान भरने से पहले समस्या का पता लगते ही विमान को टैक्सीवे पर रोक दिया गया और इंजीनियरों की टीम ने मरम्मत का काम शुरू कर दिया। इस फ्लाइट में 158 यात्री और 6 क्रू मेंबर मौजूद थे। रक्षाबंधन के मौके पर कई यात्री समय पर गंतव्य तक नहीं पहुंच सके। यह घटना लखनऊ में इंडिगो की उड़ानों में तकनीकी खराबी का हालिया दूसरा मामला है।
महाराष्ट्र में ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट हादसे का शिकार
वहीं, महाराष्ट्र के बारामती में एक प्रशिक्षण विमान लैंडिंग के दौरान हादसे का शिकार हो गया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, उतरते समय विमान के आगे के पहिये में गड़बड़ी आ गई, जिससे विमान रनवे पर असंतुलित हो गया। यह विमान रेड बर्ड प्रशिक्षण संस्थान का था और हादसा सुबह करीब 7:45 बजे हुआ। राहत की बात है कि इसमें कोई घायल नहीं हुआ।
कुछ दिन पहले बीजेपी युवा मोर्चा ने राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोळ को पत्र लिखकर रेड बर्ड कंपनी की मान्यता रद्द करने की मांग की थी। संगठन का आरोप है कि इस संस्थान के विमानों के साथ लगातार हादसे हो रहे हैं, जो प्रशिक्षण में लापरवाही को दर्शाता है। मांग के कुछ ही दिन बाद यह नया हादसा सामने आया है।