ईरान पर इजरायल के हालिया सैन्य हमले के बाद उत्पन्न तनावपूर्ण हालातों के चलते शुक्रवार को ईरान ने अपने एयरस्पेस को अनिश्चितकाल के लिए बंद कर दिया। इस निर्णय का असर अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर व्यापक रूप से देखा जा रहा है। भारतीय विमान कंपनियों के लिए चुनौती और गंभीर हो गई है क्योंकि पहले से ही पाकिस्तान का वायुक्षेत्र भारतीय विमानों के लिए बंद है।
एयर इंडिया समेत कई फ्लाइट्स प्रभावित
ईरानी वायुसीमा के बंद होने से एयर इंडिया सहित अन्य एयरलाइंस को संचालन, लागत और लॉजिस्टिक्स से जुड़ी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। आशंका जताई जा रही है कि आने वाले दिनों में स्थिति और जटिल हो सकती है।
इराक और जॉर्डन ने भी लिया बड़ा फैसला
ईरान के फैसले के बाद इराक और जॉर्डन ने भी अपने हवाई मार्गों को अस्थायी रूप से बंद कर दिया। वहीं, इजरायल के बेन गुरियन एयरपोर्ट से सभी उड़ानों को रोक दिया गया है। इन घटनाओं के चलते कई अहम अंतरराष्ट्रीय एयर कॉरिडोर बाधित हो गए हैं।
भारतीय विमानों के पास सीमित विकल्प
भारत से यूरोप, खाड़ी और उत्तरी अमेरिका की उड़ानें आमतौर पर ईरान और इराक के हवाई क्षेत्र से होकर जाती थीं, लेकिन अब ये मार्ग उपलब्ध नहीं हैं। इसके चलते फ्लाइट्स को सऊदी अरब, मध्य एशिया और काकेशस क्षेत्र से होकर जाना पड़ रहा है, जिससे सफर लंबा और महंगा हो गया है।
कम से कम तीन घंटे की देरी की आशंका
विमान कंपनियां औसतन तीन घंटे की अतिरिक्त उड़ान अवधि का अनुमान लगा रही हैं। सबसे अधिक असर एयर इंडिया पर पड़ा है, जिसे अपनी 11 अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के रूट में बदलाव करना पड़ा। पांच उड़ानों को तो बीच रास्ते से ही वापसी करनी पड़ी।
मुंबई-लंदन फ्लाइट को बीच रास्ते से लौटना पड़ा
शुक्रवार को मुंबई से लंदन जा रही एक फ्लाइट को अचानक ईरानी हवाई क्षेत्र बंद होने की सूचना मिलते ही वापसी करनी पड़ी। प्रभावित रूट्स में न्यूयॉर्क, टोरंटो, फ्रैंकफर्ट, मिलान, शारजाह और विएना जैसे गंतव्य भी शामिल हैं।