इस्लामाबाद/तेहरान: अमेरिका और ईरान के बीच संभावित शांति वार्ता को लेकर कूटनीतिक हलचल तेज हो गई है। दोनों देशों के प्रतिनिधिमंडल इस्लामाबाद पहुंच चुके हैं, जहां अहम बातचीत होने की उम्मीद है। इसी बीच ईरान की सत्ता से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है, जिसमें नए सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई की सेहत को लेकर कई तरह के दावे किए जा रहे हैं।
कुछ अंतरराष्ट्रीय रिपोर्ट्स में कहा गया है कि हालिया संघर्ष के दौरान हुए एक हवाई हमले में मोजतबा खामेनेई गंभीर रूप से घायल हो गए थे। बताया जा रहा है कि उनके चेहरे पर गहरी चोटें आईं और उनके एक या दोनों पैरों को लेकर भी गंभीर आशंकाएं जताई जा रही हैं। हालांकि इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
सूत्रों के मुताबिक, चोटों के बावजूद खामेनेई धीरे-धीरे स्वस्थ हो रहे हैं और फिलहाल पर्दे के पीछे से सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। बताया गया है कि वे ऑडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए वरिष्ठ अधिकारियों के साथ संपर्क में हैं और अमेरिका के साथ वार्ता सहित अहम फैसलों में भागीदारी कर रहे हैं।
गौरतलब है कि मोजतबा खामेनेई को हाल ही में अपने पिता अली खामेनेई के बाद नेतृत्व की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। लेकिन उनके स्वास्थ्य को लेकर उठ रहे सवालों ने उनकी कार्यक्षमता और मौजूदा संकट में उनकी भूमिका पर चर्चा तेज कर दी है।
अब तक उनकी कोई हालिया तस्वीर या सार्वजनिक उपस्थिति सामने नहीं आई है, जिससे स्थिति और रहस्यमय बनी हुई है। ईरान की ओर से भी इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
वहीं, अमेरिकी रक्षा सचिव के पहले दिए गए बयान में भी खामेनेई के गंभीर रूप से घायल होने का संकेत मिला था। हालांकि अमेरिकी खुफिया एजेंसियों ने इस विषय पर कोई स्पष्ट टिप्पणी करने से इनकार कर दिया है।
इस बीच, इस्लामाबाद में होने वाली अमेरिका-ईरान वार्ता पर पूरी दुनिया की नजरें टिकी हैं, क्योंकि इसे क्षेत्रीय तनाव कम करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।