कॉप-28 में पर्यावरण को बचाने का एक्शन प्लान रखेगा सिखों का संगठन

अमेरिका के एक सिख पर्यावरण संगठन ने लुधियाना में 850 पवित्र वन लगाने का काम पूरा कर लिया है। वह दुबई में संयुक्त राष्ट्र जलवायु शिखर सम्मेलन (कॉप 28) में इसकी प्रगति और कार्य योजना सबके सामने रखेगा।

सहयोग करने की करेंगे अपील
सिख संगठन इकोसिख के वैश्विक अध्यक्ष राजवंत सिंह जलवायु परिवर्तन से निपटने के लिए पवित्र वन पहल का कॉप 28 में प्रदर्शन करेंगे। इसके अलावा वह सहयोग के लिए सरकारी समूहों से अपील करेंगे। बता दें, राजवंत सिंह को कॉप 28 के सीईओ अदनान जेड अमीन ने अर्बन विजडम नामक एक पैनल को संबोधित करने के लिए आमंत्रित किया है।

140 से अधिक राज्य प्रमुखों की मेजबानी करने की उम्मीद
सिख धर्म के संस्थापक गुरु नानक की जयंती पर इकोसिख ने लुधियाना के केंद्र में 1,313 पेड़ों वाला 850 पवित्र वनक्षेत्र विकसित किया है। गौरतलब है, कॉप 28 दुबई में हो रहा है। यह इस साल के सबसे बड़े और महत्वपूर्ण सम्मेलन में से एक है। कयास लगाए जा रहे हैं कि 60-80 हजार प्रतिनिधि इसमें भाग लेंगे। इसके अलावा 140 से अधिक राज्य प्रमुखों की मेजबानी करने की उम्मीद है। इस सम्मेलन में ही इकोसिख अपनी प्रगति और कार्य योजना पेश करेगा।

बदलती जलवायु को रोकने की जरूरत
राजवंत सिंह ने कहा, ‘हम सभी को तापमान के बदलते स्वरूप को रोकने के लिए तत्काल कार्रवाई करने की आवश्यकता है। हम इस बात का इंतजार नहीं कर सकते कि कोई संस्था या सरकार आपदाओं का समाधान ढूंढे। कई लोग अपनी भूमि खो रहे हैं। ऐसे में हम शांति से बैठकर तबाही होते नहीं देख सकते।’ 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here