बांग्लादेश में हिंसा के बीच अवैध रूप से भारत में प्रवेश करने वाले 12 बांग्लादेशी नागरिकों को त्रिपुरा के विभिन्न हिस्सों से गिरफ्तार किया गया है। घुसपैठ की खुफिया जानकारी के बाद पुलिस ने बीएसएफ कर्मियों के साथ शनिवार रात पश्चिम अगरतला के लंकामुरा, जायनगर और रामनगर में छापेमारी की। इन स्थानों से तीन महिलाओं समेत 12 लोगों को गिरफ्तार किया गया।
बिना दस्तावेज के भारत में घुसे
पश्चिम अगरतला पुलिस स्टेशन के प्रभारी अधिकारी कांति बर्धन ने कहा कि पूछताछ के दौरान उन्होंने वैध दस्तावेजों के बिना बांग्लादेश से भारत में प्रवेश करने की बात स्वीकार की। उन्होंने कहा कि घुसपैठ बढ़ने के कारण पुलिस ने सीमावर्ती इलाकों में सतर्कता बढ़ा दी है। पुलिस घुसपैठियों को पकड़ने के लिए ऐसे अभियान जारी रखेगी।
हिंसा में अब तक 91 की मौत
बता दें कि बांग्लादेश के कई हिस्सों में हिंसा फैली है। अब तक 91 लोगों की जान जा चुकी है। प्रदर्शनकारी प्रधानमंत्री शेख हसीना के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। रविवार को प्रदर्शनकारियों और सत्तारूढ़ पार्टी के समर्थकों के बीच रविवार को भीषण झड़प हुई। इसमें 14 पुलिसकर्मियों समेत 91 लोगों के मारे जाने की खबर है। सैकड़ों की संख्या में लोग घायल हैं। बांग्लादेश में सरकार ने मोबाइल इंटरनेट बंद कर दिया है। राष्ट्रव्यापी कर्फ्यू भी लागू दिया गया है।