मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम जिले में देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। माखननगर थाना क्षेत्र में रविवार और सोमवार की दरमियानी रात करीब 1 से 2 बजे के बीच नर्मदापुरम–पिपरिया स्टेट हाईवे पर आंचलखेड़ा गांव के पास यह हादसा हुआ।

जानकारी के अनुसार, महेंद्रवाड़ी और माखननगर के रहने वाले लोग बुधनी में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होकर टवेरा वाहन से लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी गाड़ी अनाज से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। बताया जा रहा है कि क्रॉसिंग के दौरान टवेरा वाहन अनियंत्रित होकर ट्रॉली के साइड से जा भिड़ा। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों और मृतकों को तुरंत जिला अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने पांच लोगों को मृत घोषित कर दिया। जबकि छह से सात घायलों का इलाज जारी है, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।

मृतकों के नाम
हादसे में जान गंवाने वालों में साहिल यादव (19), हरि सिंह (57), शुभम मोरप्पा (18), विनीत यादव (22) और संतोष प्रजापति (माखननगर) शामिल हैं।

घायल मरीजों का इलाज जारी
हादसे में भारत यादव (23), आकाश इवने (25), देवांश इवने (15), अमन यादव (20), विनोद उइके (22), सुमित (20) और राजेश धुर्वे (35) घायल हुए हैं, जिनका अस्पताल में उपचार चल रहा है।

प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह रात का समय, कम दृश्यता या चालक की लापरवाही मानी जा रही है, हालांकि पुलिस ने स्पष्ट कारणों की जांच शुरू कर दी है।

इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। जिला अस्पताल में देर रात तक परिजनों और ग्रामीणों की भीड़ जुटी रही। शादी की खुशियां कुछ ही पलों में गहरे दुख में बदल गईं, जिससे हर कोई स्तब्ध है।