तेलंगाना के हैदराबाद में हादसा हो गया है. यहां पर संध्या थिएटर में भगदड़ मचने से एक महिला की मौत हो गई. जबकि एक शख्स घायल हो गया. महिला का नाम रेवती है. वहीं, जो शख्स घायल हुआ है वो उनका 9 वर्षीय बेटा है. थिएटर में तय सीमा से ज्यादा दर्शक आ जाने पर पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा. भगदड़ में मां-बेटे बेहोश हो गए. इलाज के दौरान मां की मौत हो गई, जबकि बेटे की हालत गंभीर है.
बताया जाता है कि थिएटर में पुष्पा 2 का प्रीमियर शो था. तय सीमा से ज्यादा लोगों के पहुंचने पर पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा, जिसके कारण भगदड़ मच गई. घटना से जुड़े कई वीडियो वायरल हो रहे हैं. थिएटर में करीब 200 पुलिसकर्मी तैनात थे.
आगरा स्टेशन पर मची थी भगदड़
पिछले महीने उत्तर प्रदेश के आगरा स्टेशन पर भगदड़ मच गई थी. ये हादसा तब हुआ जब टीटी जांच के लिए कोच में चढ़े थे. उन्हें देखकर भगदड़ मच गई थी. किसी यात्री ने चेन पुलिंग कर दी थी. इसमें तमाम ऐसे यात्री सवार थे, जो जनरल टिकट लेकर रिजर्व कोच में यात्रा कर रहे थे. यात्री जैसे ही नीचे उतरे टीटी और आरपीएफ ने पकड़ लिया और उन सभी पर कार्रवाई करते हुए पेनाल्टी लगा दी.
अगर देश से बाहर की बात करें तो हाल ही में गिनी में फुटबॉल मैच के दौरान भगदड़ मच गई थी, जिसमें 56 लोगों की मौत हो गई थी. दक्षिणी गिनी के एक फुटबॉल स्टेडियम में प्रशंसकों के बीच झड़प के बाद भगदड़ मची थी.