अहमदाबाद में एयर इंडिया के विमान दुर्घटना ने पूरे देश के साथ-साथ दुनियाभर को हिला कर रख दिया है। इस भयावह हादसे में यात्रियों और क्रू समेत कुल 265 लोगों की मौत हो चुकी है। राहत और बचाव कार्य अब लगभग समाप्त हो गया है। इस त्रासदी में एकमात्र एक यात्री की ही जान बची है।

दुर्घटना स्थल का नजारा बेहद डरावना था—चारों ओर तबाही और जले हुए मलबे का ढेर था। मगर इसी विनाश के बीच एक चमत्कारिक दृश्य भी देखने को मिला। राहत कार्य के दौरान मलबे से भगवद गीता की एक प्रति बरामद हुई, जो संभवतः किसी यात्री की रही होगी। खास बात यह रही कि भीषण आग और टक्कर के बावजूद यह धार्मिक ग्रंथ पूरी तरह सुरक्षित मिला।

प्रत्यक्षदर्शियों ने इसे किसी दैवीय संकेत या चमत्कार जैसा बताया है। इस दृश्य का वीडियो सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है। प्लेटफॉर्म X पर इस वीडियो को अब तक छह लाख से अधिक लोग देख चुके हैं। वीडियो में एक व्यक्ति मलबे के बीच गीता के अक्षुण्ण पन्ने दिखाते नजर आता है।

कैसे हुआ हादसा?

यह दर्दनाक दुर्घटना तब हुई जब एयर इंडिया की फ्लाइट AI-171, जो लंदन के लिए रवाना हो रही थी, ने गुरुवार दोपहर करीब डेढ़ बजे अहमदाबाद से उड़ान भरी थी। टेकऑफ के कुछ ही मिनटों बाद विमान मेडिकल कॉलेज के छात्रावास से टकरा गया। विमान में कुल 242 यात्री सवार थे, जिनमें से 241 की मौके पर ही मौत हो गई। केवल रमेश विश्वाशकुमार नामक एक यात्री जीवित बच पाए। वह सीट नंबर 11A पर आपातकालीन निकास के पास बैठे थे और समय रहते विमान से कूदकर जान बचाने में सफल हुए।

इसके अतिरिक्त हादसे में विमान की चपेट में आए 24 अन्य लोगों की भी मौत हो गई। इस तरह कुल मृतकों की संख्या 265 पहुंच चुकी है।

घटनास्थल से सुरक्षित मिली भगवद गीता न सिर्फ लोगों के लिए आस्था का प्रतीक बनी, बल्कि इस भीषण दुर्घटना में आशा की एक झलक भी बनकर सामने आई।