मई के पहले सप्ताह से ही देश के कई क्षेत्रों में मौसम में बदलाव देखने को मिला है। एक ओर जहां तेज धूप जारी है, वहीं दूसरी ओर कुछ इलाकों में आंधी और बारिश का सिलसिला शुरू हो गया है। कई स्थानों पर हुई तेज बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली है। इसी बीच भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने देश के अनेक हिस्सों में आने वाले दिनों में वर्षा की संभावना जताई है।
उत्तर-पश्चिम भारत में अगले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज हो सकती है। दिल्ली और एनसीआर के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 3 मई तक हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज और तेज हवाओं की आशंका है। मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र में भी 5 मई तक इसी तरह का मौसम बना रह सकता है।
3 और 4 मई को ओडिशा, झारखंड, पश्चिम बंगाल और बिहार के कुछ हिस्सों में तेज आंधी और ओले गिरने की संभावना है। वहीं, सिक्किम, ओडिशा और छत्तीसगढ़ में 3 मई को ओलावृष्टि की चेतावनी दी गई है।
उत्तर भारत के जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगिट-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 3 से 6 मई के बीच गरज के साथ हल्की से मध्यम वर्षा और तेज हवाएं चल सकती हैं। हिमाचल में 3 मई को ओले गिर सकते हैं, जबकि उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में 4 मई को तेज तूफान आने की चेतावनी दी गई है।
राजधानी दिल्ली में शनिवार रात से रविवार तक तेज बारिश, गरज और बिजली गिरने की संभावना है। 6 मई तक दिल्ली-एनसीआर के कई क्षेत्रों में बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम वर्षा के साथ हवाएं चलने की उम्मीद है।
पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में भी 3 से 6 मई के बीच बारिश और गरज के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। राजस्थान में 3 से 5 मई तक धूल भरी आंधी का भी अनुमान है।
गुजरात, कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में 3 से 8 मई तक गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। दक्षिण भारत के राज्यों—कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, केरल, तमिलनाडु और पुडुचेरी में अगले एक सप्ताह तक हल्की से मध्यम वर्षा और गरज की स्थिति बनी रह सकती है।
5 और 6 मई को उत्तरी कर्नाटक के आंतरिक हिस्सों में ओले गिर सकते हैं, जबकि 3 और 6 मई को दक्षिणी कर्नाटक के हिस्सों में भारी बारिश का पूर्वानुमान है।
पूर्वोत्तर भारत के राज्यों में भी अगले सात दिनों तक हल्की से मध्यम वर्षा, गरज और तेज हवाएं संभावित हैं। असम और मेघालय में 5 से 7 मई तक भारी बारिश की संभावना है, जबकि अरुणाचल प्रदेश में 5 और 6 मई को तेज बारिश हो सकती है।
आईएमडी के अनुसार, उत्तर-पश्चिम भारत में अगले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट देखी जाएगी, जिसके बाद तीन दिनों तक तापमान स्थिर रहेगा, लेकिन उसके बाद तापमान में 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है।
मध्य और पश्चिम भारत में भी तापमान में गिरावट के संकेत हैं। वहीं, पूर्वी राजस्थान से लेकर पश्चिम और पूर्वी मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, झारखंड, ओडिशा और बिहार तक के क्षेत्रों में बिजली गिरने और आंधी-तूफान की स्थिति बन रही है, जो गंगीय पश्चिम बंगाल की ओर बढ़ रही है। इन क्षेत्रों में ओले गिरने की भी आशंका है।