सेहतमंद जीवन के लिए केवल पौष्टिक भोजन ही काफी नहीं होता, बल्कि उसे सही तरीके और सही समय पर खाना भी उतना ही अहम होता है। आजकल की व्यस्त जीवनशैली में लोग अक्सर जल्दी-जल्दी या समय देखकर खाना खाते हैं, न कि भूख के अनुसार। यह आदत न सिर्फ पाचन में बाधा बनती है बल्कि वजन बढ़ाने और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं का कारण भी बन सकती है।
भूख न होने पर भोजन करना पड़ सकता है भारी
कई बार लोग तय समय पर खाना खा लेते हैं, भले ही भूख न लगी हो। ऐसा करने से शरीर में ग्लूकोज का स्तर अनावश्यक रूप से बढ़ सकता है, जिससे इंसुलिन का स्तर गड़बड़ा जाता है और फैट जमा होने लगता है। विशेषज्ञों के अनुसार, भोजन तभी करना चाहिए जब वाकई भूख लगी हो, ताकि पाचन क्रिया सही ढंग से काम करे और शरीर को पोषण ठीक से मिले।
खाने से पहले करें गहरी सांस, मिलेगा फायदा
भोजन शुरू करने से पहले कुछ देर गहरी सांस लेना फायदेमंद होता है। इससे शरीर का नर्वस सिस्टम ‘स्ट्रेस मोड’ से बाहर निकलकर ‘रिलैक्स मोड’ में आ जाता है, जिससे पाचन क्रिया बेहतर होती है। यह तरीका शरीर की कोशिकाओं तक ऑक्सीजन पहुंचाने में मदद करता है और पोषक तत्वों का अवशोषण अधिक प्रभावी ढंग से होता है।
खाने से पहले मन शांत रखें
खाना खाते समय अगर व्यक्ति चिड़चिड़े या नकारात्मक मूड में हो, तो उसका असर सीधे पाचन पर पड़ता है। खाना पसंद न आने पर शिकायत करना या अनिच्छा से खाना शरीर को नुकसान पहुंचा सकता है। इसके बजाय, खाने के प्रति कृतज्ञता का भाव रखना चाहिए कि हमें भोजन उपलब्ध है, जो बहुतों को नसीब नहीं होता। सकारात्मक मन और शांति से किया गया भोजन शरीर में बेहतर ढंग से पचता है और पोषक तत्वों का प्रभावी रूप से अवशोषण होता है।