16 वर्षीय छात्रा से बस में सामूहिक दुष्कर्म, डिंपल यादव ने संसद में मुद्दा उठाने का किया एलान

HIGHLIGHTS
- बस चालक और परिचालक पर वारदात का आरोप
- घटना ग्रेटर नोएडा के परी चौक से कश्मीरी चौक बस अड्डे के पास तक बताई गई
- दिल्ली पुलिस पर 25 दिनों तक मामला छिपाने का आरोप
ग्रेटर नोएडा के परी चौक से कश्मीरी चौक बस अड्डे के पास तक 4 अगस्त की रात चलती बस में चालक और परिचालक द्वारा 16 वर्षीय छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना को दिल्ली पुलिस ने 25 दिनों तक छुपाए रखा। मामला सामने आने के बाद इसे लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है।
सपा ने सरकार और दिल्ली पुलिस के खिलाफ खोला मोर्चा
समाजवादी पार्टी ने इस मामले को लेकर सरकार और दिल्ली पुलिस के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। मैनपुरी सांसद डिंपल यादव ने घटना को बेहद भयावह और शर्मनाक बताते हुए इसे संसद में उठाने की बात कही है। वहीं किशनी विधायक ने भी इस मुद्दे को उत्तर प्रदेश विधानसभा में उठाने की बात कही है।
डिंपल यादव ने घटना को बताया भयावह और शर्मनाक
सपा सांसद डिंपल यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर घटना को अत्यंत भयावह और शर्मनाक बताया। उन्होंने कहा कि महिला सुरक्षा को लेकर किए जा रहे तमाम दावों के बीच इस तरह की घटनाएं भाजपा सरकार की नाकामी को सामने लाती हैं।
सांसद ने बताया कि उन्हें मीडिया रिपोर्ट्स के जरिए इस मामले की जानकारी मिली। उन्होंने 31 अगस्त को फोन पर यूपी के डीजीपी से बात कर एफआईआर की मांग की। इसके अलावा दिल्ली पुलिस से भी बातचीत की और एफआईआर की कॉपी मांगी। हालांकि, उनके मुताबिक दिल्ली पुलिस ने एफआईआर की कॉपी देने से भी इनकार कर दिया।
पीड़ित परिवार की मदद करेगी सपा
डिंपल यादव ने कहा कि एफआईआर पीड़ित परिवार को दी जाएगी। सपा की ओर से प्रवक्ता गौरव ने एक माध्यम से पीड़ित परिवार से फोन पर बातचीत भी की। हालांकि, अभी तक परिवार को एफआईआर की कॉपी उपलब्ध नहीं कराई गई है।
सांसद ने बताया कि किशनी विधायक बृजेश कठेरिया को सोमवार को पीड़ित परिवार से मिलने के लिए उनके गांव भेजा गया था, लेकिन वहां मकान पर ताला लगा मिला।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के दबाव में दिल्ली पुलिस ने परिवार और पीड़िता को डराकर-धमकाकर छिपाकर रखा है। साथ ही पीड़ित परिवार को समाजवादी पार्टी की ओर से हर संभव कानूनी और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का पूरा भरोसा दिया गया है।
संसद और विधानसभा में उठेगा मामला
सांसद डिंपल यादव ने कहा कि इस अमानवीय घटना और पुलिस की लापरवाही के मुद्दे को संसद में मजबूती से उठाया जाएगा।
वहीं किशनी विधानसभा से सपा विधायक बृजेश कठेरिया पीड़ित परिवार से मिलने उनके घर पहुंचे, लेकिन वहां ताला लगा हुआ मिला। विधायक ने कहा कि पुलिस परिवार के संबंध में कोई जानकारी नहीं दे रही है। उन्होंने कहा कि इस मामले को उत्तर प्रदेश विधानसभा के पटल पर उठाया जाएगा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.