मुरादाबाद में नेपाली तीर्थ यात्रियों की बस रोडवेज से टकराई, 35 से ज्यादा घायल

HIGHLIGHTS
- 35 से अधिक नेपाली तीर्थ यात्री घायल
- बस चालक समेत कई घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया
- हादसे के समय अधिकांश यात्री बस में सो रहे थे
मुरादाबाद। नेपाल के तीर्थ यात्रियों से भरी निजी बस आगे चल रही रोडवेज बस में पीछे से टकराने के बाद सड़क किनारे बनी कोठरी से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बसें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे में निजी बस में सवार 35 से अधिक नेपाली तीर्थ यात्री घायल हो गए। घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां से बस चालक समेत कई तीर्थ यात्रियों की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
मंगलवार की रात मुरादाबाद-हरिद्वार स्टेट हाईवे पर कांठ के गांव गढ़ी के अड्डे पर यह हादसा हुआ। नेपाल के तीर्थ यात्रियों की बस हरिद्वार से वापस लौट रही थी और आगे चल रही मुरादाबाद डिपो की रोडवेज बस में पीछे से जा टकराई। टक्कर के बाद दोनों बसों को काफी नुकसान पहुंचा और 35 से अधिक नेपाली तीर्थ यात्री घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक सुदेश पाल सिंह के साथ थाने और पुलिस चौकियों से बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। कई एंबुलेंस और पुलिस वाहन भी घटनास्थल पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायल तीर्थ यात्रियों को उपचार के लिए सीएचसी कांठ पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने बस चालक समेत कई यात्रियों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
तीर्थ यात्रियों ने बताया कि वे यूपी के सनौली से सटे नेपाल के नोवल परासी और रूपमदेई जिलों के रहने वाले हैं। सभी 19 अगस्त को बस से नेपाल से यात्रा के लिए निकले थे। यात्रा के दौरान वे वैष्णो देवी, महाकालेश्वर समेत कई धार्मिक स्थलों के दर्शन कर चुके थे और हरिद्वार से लौट रहे थे। इसके बाद उन्हें अयोध्या जाकर रामलला के दर्शन करने थे। दर्शन के बाद तीन सितंबर को नेपाल लौटने का कार्यक्रम था।
बस सवार ये नेपाली तीर्थ यात्री हुए घायल
मंगलवार की रात कांठ में मुरादाबाद-हरिद्वार स्टेट हाईवे पर गांव गढ़ी के अड्डे पर हुए हादसे में बस चालक उमेश शुक्ला, जोगेंद्र चौधरी, गणपत, विद्या, रामकिशन यादव, जुगिंद्र चौधरी, विश्वनाथ तेली, इसरावती, कुतारी, चांदमति तेली, सुंदरी यादव, नर्मदा, गैना, प्रभावती, राजू सहानी, अच्छेलाल गुप्ता, शीशकली गुप्ता, बिंदू प्रसाद, दिनेश मिश्रा, अमित, ओमकुमारी, द्रोपदी देवी, चमेली, रामशरण, जोखूभूत, चंद्रकुमार चौधरी, शोभा महात, आरती केवट, जगदीश प्रसाद केवट, नेबूलाल, ऋषिराम चौधरी समेत 35 से अधिक नेपाली तीर्थ यात्री घायल हुए।
घायल यात्रियों ने बताया कि हादसे के समय बस में अधिकांश यात्री सो रहे थे।
हादसे के बाद मौके पर जुटे ग्रामीण
रोडवेज बस में पीछे से टकराने के बाद नेपाली तीर्थ यात्रियों की बस में घायल लोगों को बाहर निकालने और उनकी मदद करने के लिए स्थानीय लोग भी मौके पर पहुंच गए। घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.