वायुसेना में शक्ति शर्मा ने रचा इतिहास, बनीं पहली महिला एयर वाइस मार्शल

HIGHLIGHTS
- शक्ति शर्मा ने 18 जून 1994 को वायुसेना की एजुकेशन ब्रांच ज्वाइन की थी
- एक सितंबर को उन्होंने वायुसेना मुख्यालय में नई जिम्मेदारी संभाली
- इससे पहले वह एयर कोमोडोर के पद पर कार्यरत थीं
नई दिल्ली। भारतीय वायुसेना की अधिकारी एयर वाइस मार्शल शक्ति शर्मा ने मंगलवार को एक नया इतिहास रच दिया। वह देश के सशस्त्र बलों यानी थल सेना, नौसेना और वायुसेना में एयर वाइस मार्शल या उसके समकक्ष टू-स्टार रैंक हासिल करने वाली नॉन-मेडिकल ब्रांच की पहली महिला अधिकारी बन गई हैं।
रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, एक सितंबर को एयर वाइस मार्शल शक्ति शर्मा ने वायुसेना मुख्यालय में असिस्टेंट चीफ ऑफ एयर स्टाफ (एजुकेशन) का पदभार संभाला। इससे पहले वह एयर कोमोडोर के पद पर कार्यरत थीं।
शक्ति शर्मा बनीं पहली महिला एयर वाइस मार्शल
रक्षा अधिकारी के अनुसार, शक्ति शर्मा ने 18 जून 1994 को भारतीय वायुसेना की एजुकेशन ब्रांच में कमीशन हासिल किया था। उन्हें अलग-अलग क्षेत्रों में काम करने का व्यापक अनुभव है।
अपने तीन दशक से अधिक लंबे सैन्य करियर में उन्होंने एयर फोर्स ट्रेनिंग सेंटर्स, फील्ड स्टेशनों, कमांड हेडक्वार्टर और एयर हेडक्वार्टर में विभिन्न जिम्मेदारियां संभाली हैं। वह सैनिक स्कूल कपूरथला की प्रिंसिपल के रूप में भी सेवाएं दे चुकी हैं।
महिला अधिकारियों के लिए बनीं प्रेरणास्रोत
शक्ति शर्मा की यह ऐतिहासिक उपलब्धि भारतीय रक्षा बलों में महिला अधिकारियों की यात्रा में एक नए अध्याय की शुरुआत मानी जा रही है। तीन दशकों से अधिक की विशिष्ट सेवा के साथ वह पीढ़ियों को "गौरव के साथ आकाश को छूने" के लिए प्रेरित करती रही हैं।
अपने करियर के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण संस्थागत पहलों का नेतृत्व किया है। इनमें इंडियन एयर फोर्स चेयर ऑफ एक्सीलेंस की स्थापना भी शामिल है, जिसे आइआइटी कानपुर और पुणे विश्वविद्यालय में अकादमिक एवं रणनीतिक रक्षा सहयोग को बढ़ावा देने के लिए स्थापित किया गया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.