मुजफ्फरनगर में विवादित जमीनों पर कब्जे के आरोप में 20 गिरफ्तार, भारी मात्रा में हथियार बरामद

HIGHLIGHTS
- आरोपी तीन गाड़ियों में सवार होकर गंगाघाट के पास पहुंचे थे।
- पुलिस के रोकने पर आरोपी गाड़ियों से उतरकर भागने लगे, जिसके बाद घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया गया।
- गिरफ्तार आरोपियों में हरिद्वार के मंगलौर थाना क्षेत्र के खेड़ा गांव निवासी हिस्ट्रीशीटर सुरेंद्र सिंह भी शामिल है।
मुजफ्फरनगर। खादर क्षेत्र में विवादित जमीनों पर अवैध कब्जा करने के आरोप में भोपा पुलिस ने 20 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, सभी आरोपी तीन गाड़ियों में सवार होकर गंगाघाट के पास पहुंचे थे। उनके पास कई घातक हथियार भी थे। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर घेराबंदी कर सभी को पकड़ लिया।
गिरफ्तार लोगों में हरिद्वार के मंगलौर थाना क्षेत्र के खेड़ा गांव का रहने वाला एक हिस्ट्रीशीटर भी शामिल है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन वाहन जब्त किए हैं। इनकी तलाशी में छह तमंचे, एक पिस्टल, दो राइफल, एक दोनाली बंदूक, कारतूस, तलवार और नौ लकड़ी के डंडे बरामद हुए हैं।
गंगाघाट के पास तीन गाड़ियों में पहुंचे थे 20 से 25 लोग
सोमवार दोपहर करीब दो बजे पुलिस लाइन सभागार में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में एसपी देहात महादिक अक्षय संजय ने बताया कि 15 नवंबर को भोपा पुलिस की टीम शुकताल चौकी क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि गंगाघाट के पास तीन गाड़ियों में 20 से 25 लोग आ रहे हैं। उनके पास अवैध हथियार हैं और वे किसी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में हैं।
सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और संदिग्ध वाहनों की तलाश शुरू कर दी। कुछ समय बाद तीन गाड़ियां आती दिखाई दीं। पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो उनमें बैठे लोग उतरकर भागने लगे। पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी करते हुए 20 लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
छह तमंचे, पिस्टल, राइफल और कारतूस बरामद
एसपी देहात के मुताबिक, पकड़े गए आरोपियों के पास से 315 बोर के छह तमंचे और पांच जिंदा कारतूस मिले। इसके अलावा .32 बोर की एक पिस्टल, मैगजीन और पांच जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए।
पुलिस ने .22 बोर की एक पौनिया राइफल, 12 बोर की फैक्ट्री मेड दोनाली बंदूक के साथ 20 कारतूस और 315 बोर की फैक्ट्री मेड राइफल के साथ 18 कारतूस बरामद किए हैं। इनके अलावा एक तलवार मय म्यान और नौ लकड़ी के डंडे भी मिले हैं।
मौके से पुलिस ने तीन वाहन भी जब्त किए हैं। इनमें HR 30 AE 6839 नंबर की स्कॉर्पियो-एन, UK 07 HQ 7881 नंबर की स्कॉर्पियो क्लासिक और UK 07 HJ 5877 नंबर की थार शामिल हैं।
विवादित जमीनों पर कब्जा करने के लिए संगठित होने का आरोप
पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने खादर क्षेत्र में विवादित और कीमती जमीनों की खरीद-फरोख्त से जुड़े मामलों में संगठित तरीके से काम करने की बात बताई। पुलिस के अनुसार, जिन जमीनों के मालिकाना हक या कब्जे को लेकर विवाद होता था, वहां आरोपी एकजुट होकर कब्जा करने या अपने पक्ष में कब्जा बरकरार रखने का प्रयास करते थे।
पुलिस का कहना है कि विरोध होने पर दबाव बनाने और धमकाने के लिए आरोपी हथियार लेकर पहुंचते थे।
गिरफ्तार लोगों में हरिद्वार के मंगलौर थाना क्षेत्र स्थित खेड़ा गांव निवासी सुरेंद्र सिंह भी शामिल है। पुलिस ने उसे हिस्ट्रीशीटर बताया है। उसके खिलाफ अलग-अलग थानों में कई मुकदमे दर्ज हैं।
सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश कर भेजा जा रहा जेल
एसपी देहात महादिक अक्षय संजय ने बताया कि पुलिस ने तीनों गाड़ियों और बरामद हथियारों को जब्त कर लिया है। गिरफ्तार सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेजा जा रहा है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.