SOG अधिकारी बनकर आश्रम पहुंचे बदमाश, साधु को एनकाउंटर की धमकी देकर लूटे 75 हजार रुपये

HIGHLIGHTS
- मुजफ्फरनगर के शुक्रतीर्थ स्थित नागा टीला आश्रम में रविवार रात लूट की वारदात हुई।
- आरोपियों ने खुद को सहारनपुर SOG का प्रभारी बताया था।
- आश्रम के व्यवस्थापक जयदेव गिरी महाराज को एनकाउंटर की धमकी दी गई।
मुजफ्फरनगर। शुक्रतीर्थ स्थित पंच दशनाम संन्यास आश्रम नागा टीला में रविवार रात लूट की घटना सामने आई। आरोप है कि बदमाशों ने आश्रम के व्यवस्थापक साधु जयदेव गिरी महाराज को डराया-धमकाया और दो अन्य साधुओं को बंधक बना लिया। इसके बाद वे 75 हजार रुपये लेकर फरार हो गए। घटना की शिकायत पुलिस से की गई है। आश्रम में पहुंचे आरोपियों ने खुद को सहारनपुर एसओजी की टीम का सदस्य बताया था।
सोमवार को जयदेव गिरी महाराज ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि रविवार रात करीब 11:30 बजे कुछ लोग आश्रम पहुंचे। उन्होंने दरवाजे पर आवाज लगाई। एक परिचित व्यक्ति का नाम बताने पर दरवाजा खोल दिया गया। अंदर आए लोगों में से एक ने खुद को सहारनपुर एसओजी का प्रभारी बताया।
उस व्यक्ति ने दावा किया कि उन्हें आश्रम में अवैध असलहा रखे होने की सूचना मिली है। इसके बाद आरोपियों ने साधु भोला गिरी और सेवक बिजेंद्र को एक कमरे में बंद कर बंधक बना लिया। वहीं, जयदेव गिरी को एनकाउंटर की धमकी दी गई और उन्हें वाहन में बैठाने की कोशिश की गई।
जयदेव गिरी किसी तरह आरोपियों के चंगुल से निकलकर पुलिस चौकी पहुंचे, लेकिन वहां कोई मौजूद नहीं था। इसके बाद उन्होंने 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी वहां से भाग चुके थे। आश्रम वापस लौटने पर उन्हें कमरा अस्त-व्यस्त मिला और 75 हजार रुपये गायब थे। बाद में बंधक बनाए गए साधु और सेवक को मुक्त कराया गया।
दो संतों की हत्या के मामले में गवाह हैं जयदेव गिरी
जयदेव गिरी महाराज ने पुलिस को बताया कि वह दो संतों की हत्या से जुड़े मुकदमे में गवाह हैं। उनके मुताबिक, शुक्रताल आश्रम के संत सेवागिरी और पारस गिरी को उत्तराखंड के पथरी थाना क्षेत्र स्थित एक आश्रम की जिम्मेदारी सौंपी जानी थी। इसी आश्रम में 18 जुलाई को दोनों संतों की हत्या कर दी गई थी।
जयदेव गिरी को आशंका है कि आश्रम में हुई लूट की यह घटना भी उसी मामले से जुड़ी हो सकती है। उन्होंने अपनी जान को भी खतरा बताया है।
पुलिस मामले की जांच में जुटी
सीओ भोपा राधा रमन ने बताया कि उन्हें इस मामले में प्रार्थना पत्र मिल गया है। पुलिस शिकायत के आधार पर जांच कर रही है। मामले की पूरी पड़ताल के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.































Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.