स्वरा भास्कर का बड़ा खुलासा, 2011 में फिल्म शूटिंग के दौरान हुआ था कथित यौन उत्पीड़न

HIGHLIGHTS
- स्वरा भास्कर ने साल 2011 में फिल्म शूटिंग के दौरान हुए कथित यौन उत्पीड़न का खुलासा किया।
- घटना मध्य प्रदेश के पचमढ़ी में फिल्म की आउटडोर शूटिंग के दौरान हुई थी।
- अभिनेत्री के मुताबिक, फिल्म के निर्देशक ने उनके साथ कथित तौर पर गलत व्यवहार किया था।
बॉलीवुड। अभिनेत्री स्वरा भास्कर एक बार फिर सुर्खियों में हैं। उन्होंने खुलासा किया है कि साल 2011 में एक फिल्म की शूटिंग के दौरान उन्हें कथित तौर पर यौन उत्पीड़न का सामना करना पड़ा था। उस समय वह फिल्म इंडस्ट्री में अपनी जगह बनाने की कोशिश कर रही थीं।
करियर के शुरुआती दौर में न तो उनके पास अपनी कोई निजी टीम थी और न ही कोई ऐसा करीबी व्यक्ति था, जिसके साथ वह अपनी परेशानी साझा कर सकें। स्वरा के मुताबिक, उस वक्त उन्हें अपने साथ हुए व्यवहार की गंभीरता का भी सही अंदाजा नहीं था। कई साल बाद मीटू मूवमेंट के दौरान दूसरी महिलाओं के अनुभव पढ़ने पर उन्हें एहसास हुआ कि उनके साथ हुई घटना भी यौन उत्पीड़न की श्रेणी में आती थी।
क्या बोलीं स्वरा भास्कर?
द फ्री प्रेस जर्नल को दिए इंटरव्यू में स्वरा ने मध्य प्रदेश के पचमढ़ी में फिल्म की आउटडोर शूटिंग के दौरान हुई घटना का जिक्र किया। अभिनेत्री के अनुसार, फिल्म के निर्देशक ने उनके साथ कथित तौर पर अनुचित व्यवहार किया था। उस समय वह इसे कार्यस्थल पर होने वाला यौन उत्पीड़न नहीं समझ पाई थीं, क्योंकि निर्देशक ने उन्हें शारीरिक रूप से छुआ नहीं था।
स्वरा ने कहा, 'मुझे उस समय यह समझ ही नहीं आया कि यह वर्कप्लेस पर होने वाला यौन उत्पीड़न है। मैंने इसे यौन उत्पीड़न के तौर पर पहचाना ही नहीं, क्योंकि उस शख्स ने मेरे साथ कोई शारीरिक संपर्क नहीं किया था।'
अभिनेत्री ने बताया कि उस दौरान वह फिल्म 'तनु वेड्स मनु' में नजर आ चुकी थीं और फिल्म इंडस्ट्री में अपनी पहचान बनाने के लिए प्रयास कर रही थीं।
56 दिन की शूटिंग छोड़ना नहीं चाहती थीं स्वरा
स्वरा के मुताबिक, फिल्म की शूटिंग का शेड्यूल 56 दिनों का था। शूटिंग शुरू होने के कुछ दिन बाद ही उनके साथ कथित तौर पर यह व्यवहार होने लगा था। इसके बावजूद वह फिल्म छोड़ने के पक्ष में नहीं थीं, क्योंकि उन्हें अपने करियर की चिंता थी। वह नहीं चाहती थीं कि इस घटना के कारण उनके हाथ से काम का एक अच्छा अवसर निकल जाए।
उन्होंने कहा, 'मैं यह प्रोजेक्ट नहीं छोड़ना चाहती थी। मैं काम नहीं खोना चाहती थी। मेरे अपने सपने और महत्वाकांक्षाएं भी हैं, है ना? और इसमें गलत क्या है?'
मीटू मूवमेंट के बाद समझ आया घटना का मतलब
अभिनेत्री ने बताया कि कई साल बाद मीटू मूवमेंट के दौरान जब महिलाओं ने अपने साथ हुए यौन उत्पीड़न के अनुभव साझा किए, तब उन्हें अपनी पुरानी घटना को एक अलग नजरिए से समझने का मौका मिला। दूसरी महिलाओं की आपबीती पढ़ने के बाद उन्हें एहसास हुआ कि उनके साथ हुआ व्यवहार भी उत्पीड़न का एक उदाहरण था।
स्वरा ने कहा, 'मैंने सोचा कि हे भगवान! यह तो उत्पीड़न है। यह तो उत्पीड़न का एक बिल्कुल पाठ्यपुस्तक जैसा मामला है।'
एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर ने दिया था साथ
स्वरा ने बताया कि बाद में उन्होंने फिल्म के एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर को पूरी घटना के बारे में जानकारी दी। उन्होंने अभिनेत्री का समर्थन किया और शूटिंग के बचे हुए दिनों में उनकी मदद की। स्वरा के अनुसार, एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर ने उन्हें सुरक्षित महसूस कराया, जिससे उनके लिए काम करना कुछ आसान हो गया।
समय के साथ दोनों के बीच अच्छी दोस्ती हो गई और बाद में वही व्यक्ति उनके मैनेजर भी बन गए।
युवा महिलाओं को दी यह सलाह
अपने अनुभव को साझा करते हुए स्वरा ने कार्यस्थल पर काम करने वाली युवा महिलाओं को अपनी सीमाएं पहचानने और किसी भी असहज स्थिति में चुप न रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि यदि किसी के साथ इस तरह की घटना होती है, तो उसे अपने भरोसेमंद लोगों से बात करनी चाहिए, मदद लेनी चाहिए और गलत व्यवहार के खिलाफ तुरंत आवाज उठानी चाहिए।
साल 2023 में फहाद अहमद से की थी शादी
बता दें कि स्वरा भास्कर ने 6 जनवरी, 2023 को राजनेता फहाद अहमद के साथ स्पेशल मैरिज एक्ट के तहत शादी की थी। दोनों ने 16 फरवरी, 2023 को अपने विवाह की जानकारी सार्वजनिक की थी। इसके बाद सितंबर 2023 में उनके घर बेटी का जन्म हुआ, जिसका नाम उन्होंने राबिया रखा। वहीं, स्वरा हाल ही में 'राइज एंड फॉल 2' के दूसरे सीजन में भी हिस्सा ले चुकी हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.