Microsoft की कई सेवाएं ठप, Outlook से लेकर Teams और Copilot तक प्रभावित

HIGHLIGHTS
- Microsoft की कई सेवाओं में तकनीकी खराबी के चलते यूजर्स को परेशानी हुई।
- Outlook, Microsoft 365, Teams और Copilot जैसी सेवाएं प्रभावित हुईं।
- कंपनी की शुरुआती जांच में कुछ सर्वर के अनुपलब्ध होने की बात सामने आई।
माइक्रोसॉफ्ट की कई ऑनलाइन सेवाओं में अचानक आई तकनीकी खराबी के चलते दुनियाभर के यूजर्स को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कोई आउटलुक अकाउंट में लॉग-इन नहीं कर पा रहा है, तो किसी के ईमेल भेजने और प्राप्त करने में परेशानी आ रही है। माइक्रोसॉफ्ट 365, टीम्स और कैपिलॉट जैसी सेवाएं भी इस समस्या से प्रभावित हुई हैं। शुरुआत में माना जा रहा था कि सर्वर पर अचानक बढ़े ट्रैफिक की वजह से सेवाएं बाधित हुई हैं, लेकिन कंपनी की शुरुआती जांच में इसकी अलग वजह सामने आई है। दरअसल, माइक्रोसॉफ्ट के कई सर्वर अचानक काम करना बंद कर गए, जिसके कारण बाकी सक्रिय सर्वरों पर दबाव बढ़ गया। आइए जानते हैं कि यह तकनीकी गड़बड़ी कैसे शुरू हुई और इसका असर इतनी सारी सेवाओं पर किस तरह पड़ा।
माइक्रोसॉफ्ट की सेवाओं में आखिर क्या हुआ?
बृहस्पतिवार देर रात माइक्रोसॉफ्ट की ईमेल सेवा आउटलुक और माइक्रोसॉफ्ट 365 में अचानक तकनीकी समस्या आने लगी। भारत समेत दुनियाभर के यूजर्स को अपने अकाउंट में लॉग-इन करने, ईमेल भेजने और नए मेल प्राप्त करने में परेशानी हुई। कई लोग अपना इनबॉक्स भी नहीं खोल पा रहे थे।
इस तकनीकी गड़बड़ी का असर सिर्फ आउटलुक तक सीमित नहीं रहा। माइक्रोसॉफ्ट टीम्स और एआई असिस्टेंट कैपिलॉट भी प्रभावित हुए। इसके अलावा, माइक्रोसॉफ्ट के सर्वर से जुड़कर काम करने वाली ओपनएआई और एंथ्रोपिक की कुछ सेवाओं में भी दिक्कतें देखने को मिलीं। खासकर माइक्रोसॉफ्ट 365 कनेक्टर से संबंधित सुविधाएं प्रभावित हुईं।
सर्वर ठप होने के पीछे क्या वजह आई सामने?
शुरुआत में माना जा रहा था कि सर्वर पर अचानक ट्रैफिक बढ़ने के कारण माइक्रोसॉफ्ट की सेवाएं बंद हुई हैं। हालांकि, कंपनी की शुरुआती जांच में पता चला कि समस्या की वजह सिर्फ एक साथ बड़ी संख्या में यूजर्स का सेवाओं का इस्तेमाल करना नहीं था। माइक्रोसॉफ्ट के मुताबिक, उसके इंफ्रास्ट्रक्चर के कई सर्वर अचानक उपलब्ध नहीं रह गए थे। इसके चलते बाकी सक्रिय सर्वरों पर अतिरिक्त दबाव बढ़ गया। नतीजतन, यूजर्स की रिक्वेस्ट को प्रोसेस करने में परेशानी आने लगी और आउटलुक समेत दूसरी सेवाओं में कनेक्टिविटी एरर दिखाई देने लगे।
कंपनी ने यह भी जानकारी दी कि प्रभावित सर्वर ऑटोमैटिक हेल्थ चेक में लगातार फेल हो रहे थे। इन जांचों के जरिए सर्वर की स्थिति और उसके सही तरीके से काम करने की पुष्टि की जाती है। माइक्रोसॉफ्ट को आशंका थी कि हाल ही में हेल्थ चेक से जुड़े एक कंपोनेंट में किए गए बदलाव का इस समस्या से संबंध हो सकता है। हालांकि, जांच के दौरान इसकी पुष्टि नहीं हो सकी थी।
एक सर्वर की खराबी का दूसरी सेवाओं पर कैसे पड़ा असर?
माइक्रोसॉफ्ट की ऑनलाइन सेवाएं एक बड़े सर्वर नेटवर्क के जरिए संचालित होती हैं। जब कोई यूजर आउटलुक खोलता है या ईमेल भेजने की कोशिश करता है, तो उसकी रिक्वेस्ट सर्वर तक पहुंचती है। इसके बाद सर्वर उस रिक्वेस्ट को प्रोसेस करके संबंधित सेवा उपलब्ध कराते हैं।
नेटवर्क के कई सर्वर अचानक काम करना बंद कर दें, तो उनकी जिम्मेदारी बाकी चालू सर्वरों पर आ जाती है। इससे सक्रिय सर्वरों पर काम का दबाव बढ़ जाता है। यदि वे भी बढ़ी हुई रिक्वेस्ट को संभालने में सक्षम नहीं रहते, तो यूजर्स को लॉग-इन करने, ईमेल भेजने और प्राप्त करने में परेशानी होने लगती है।
माइक्रोसॉफ्ट की जांच में भी इसी तरह की स्थिति सामने आई। कंपनी के अनुसार, कई सर्वरों के अनुपलब्ध होने से बाकी इंफ्रास्ट्रक्चर पर दबाव बढ़ रहा था। प्रभावित सर्वरों पर एक जरूरी प्रक्रिया भी ओवरलोड हो रही थी, जिसके चलते वे जवाब देना बंद कर रहे थे।
माइक्रोसॉफ्ट ने समस्या दूर करने के लिए क्या कदम उठाए?
तकनीकी समस्या सामने आते ही माइक्रोसॉफ्ट ने अपने सर्वर इंफ्रास्ट्रक्चर को ठीक करने और रिकवरी की प्रक्रिया शुरू कर दी। कंपनी ने कुछ समय के लिए नए डिप्लॉयमेंट और कॉन्फिगरेशन में बदलाव रोक दिए, ताकि हाल में किए गए परिवर्तनों की जांच की जा सके।
इसके साथ ही प्रभावित सर्वरों को रीस्टार्ट करने की प्रक्रिया शुरू की गई। आउटलुक के कनेक्शन ट्रैफिक को दूसरे सर्वरों और वैकल्पिक नेटवर्क रास्तों की ओर भेजा गया। ऐसा करने का मकसद प्रभावित सर्वरों पर बढ़ते लोड को कम करना और यूजर्स को फिर से सेवाओं से जोड़ना था।
माइक्रोसॉफ्ट ने कुछ प्रभावित सर्वरों को दोबारा चालू करने के बाद उनकी स्थिरता की भी जांच की। शुरुआती स्तर पर कुछ क्षेत्रों में सेवाओं की आंशिक बहाली देखने को मिली। हालांकि, सेवाओं को पूरी तरह सामान्य करने के लिए प्रभावित इंफ्रास्ट्रक्चर को दुरुस्त करना जरूरी था। वहीं, भारत में आउटलुक की सेवा अभी भी प्रभावित है।
पहले भी माइक्रोसॉफ्ट की तकनीकी खराबी से प्रभावित हुई हैं सेवाएं
ऐसा पहली बार नहीं हुआ है, जब माइक्रोसॉफ्ट के सर्वर या क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर में आई तकनीकी गड़बड़ी का असर बड़े स्तर पर देखने को मिला हो। जुलाई 2024 में दुनियाभर के कई विंडोज यूजर्स को ब्लू स्क्रीन ऑफ डेथ (BSOD) की समस्या का सामना करना पड़ा था। उस दौरान कई डिवाइस अचानक बंद हो गए थे या बार-बार रीस्टार्ट होने लगे थे। इस परेशानी की वजह क्राउडस्ट्राइक के एक अपडेट को बताया गया था।
इसी तरह, जुलाई 2024 में माइक्रोसॉफ्ट एज्योर से जुड़ी तकनीकी समस्या का असर एयरलाइंस के इंटरनल नेटवर्क और कई कैब सर्विस के सिस्टम पर भी देखने को मिला था। इन घटनाओं से यह स्पष्ट होता है कि बड़ी ऑनलाइन सेवाएं जब क्लाउड और सर्वर इंफ्रास्ट्रक्चर पर निर्भर होती हैं, तो वहां होने वाली तकनीकी खराबी का असर केवल संबंधित कंपनी तक सीमित नहीं रहता। इसकी वजह से कई अन्य सेवाओं और कारोबारों का कामकाज भी प्रभावित हो सकता है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.