होर्मुज जलडमरूमध्य में हमले का शिकार हुआ LPG टैंकर 'तारा गैस', सभी 25 क्रू सदस्य सुरक्षित

HIGHLIGHTS
- भारत ने होर्मुज जलडमरूमध्य में हमले का शिकार हुए जहाज की पहचान की।
- जहाज पनामा के झंडे वाला LPG टैंकर 'तारा गैस' है।
- केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने सभी 25 क्रू सदस्यों के सुरक्षित होने की जानकारी दी।
नई दिल्ली। भारत ने होर्मुज जलडमरूमध्य में सोमवार, 16 नवंबर को मिसाइल हमले की चपेट में आए जहाज की पहचान कर ली है। यह पनामा के झंडे वाला लिक्विफाइड पेट्रोलियम गैस (LPG) टैंकर 'तारा गैस' है।
न्यूज एजेंसी ANI के अनुसार, केंद्रीय बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने मंगलवार को इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जहाज पर मौजूद सभी 25 क्रू सदस्य सुरक्षित हैं और किसी को भी चोट नहीं आई है।
जहाज का प्रबंधन करने वाली कंपनी के संपर्क में भारतीय अधिकारी
केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर जहाज की पहचान और उस पर सवार क्रू सदस्यों के सुरक्षित होने की पुष्टि की। हालांकि, उन्होंने पोस्ट में घटना की सटीक लोकेशन और जहाज को हुए नुकसान के बारे में विस्तृत जानकारी नहीं दी।
UKMTO ने जारी की एडवाइजरी, इंजन-रूम में आग लगने की जानकारी
UK मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस (UKMTO) ने चेतावनी संख्या 208-26 में बताया कि उसे एक तीसरे पक्ष से सूचना मिली है। इसके मुताबिक, 16 नवंबर को स्थानीय समयानुसार रात 11 बजे ओमान के खसाब से करीब सात नॉटिकल मील उत्तर में एक जहाज पर हमला हुआ।
एक रिपोर्ट के अनुसार, इस हमले के चलते एक टैंकर खराब हो गया और उसके इंजन-रूम में आग लग गई। UKMTO ने बताया कि जहाज का क्रू सुरक्षित है, लेकिन नुकसान की सीमा और पर्यावरण पर इसके संभावित प्रभाव के बारे में अभी जानकारी स्पष्ट नहीं है।
इससे पहले 16 नवंबर को ही UKMTO ने चेतावनी संख्या 207-26 भी जारी की थी। इसमें एक टैंकर के सुरक्षा अधिकारी के हवाले से बताया गया था कि जलडमरूमध्य से गुजरते समय जहाज से कोई अज्ञात वस्तु टकराई थी, जिसके बाद उसके इंजन-रूम में आग लग गई।
आधिकारिक एडवाइजरी और जहाज के बीच सीधा संबंध स्पष्ट नहीं
UKMTO की ओर से जारी किसी भी सार्वजनिक एडवाइजरी में प्रभावित जहाज का नाम नहीं बताया गया है। वहीं, केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल के बयान में भी किसी चेतावनी संख्या का जिक्र नहीं किया गया। ऐसे में 'तारा गैस' और UKMTO की इन चेतावनियों के बीच सीधा संबंध आधिकारिक तौर पर अभी स्पष्ट नहीं हुआ है।
UKMTO ने जांच पूरी होने तक इस समुद्री मार्ग से गुजरने वाले सभी जहाजों को बेहद सतर्क रहने की सलाह दी है। हालांकि, समुद्री रास्ते को बंद करने या शिपिंग रूट में बदलाव करने का कोई निर्देश जारी नहीं किया गया है।
यह जानकारी ऐसे समय में सामने आई है, जब 17 नवंबर को ओमान और ईरान के बीच समुद्री गलियारों की सुरक्षा और अंतरराष्ट्रीय व्यापार के सुचारू संचालन को लेकर महत्वपूर्ण बातचीत हुई है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.