मुजफ्फरनगर: पुलिस हिरासत से फरार तेजाब कांड का आरोपी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार

मुजफ्फरनगर: खालापार थाना पुलिस ने शुक्रवार को एक सनसनीखेज घटनाक्रम के बाद तेज़ाब कांड के आरोपी शाहनवाज को मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पुलिस हिरासत से मेडिकल के दौरान करीब 80 मिनट तक फरार रहने में सफल रहा था, जिसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
जानकारी के अनुसार, किदवई नगर निवासी शाहनवाज पुत्र रफीक को गुरुवार रात मछली बाजार क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया था। शुक्रवार दोपहर करीब 12:15 बजे उसे कोर्ट में पेशी से पहले मेडिकल जांच के लिए जिला अस्पताल लाया गया। इसी दौरान करीब 12:55 बजे उसने ड्यूटी पर मौजूद सिपाही संदीप और शेर सिंह को धक्का देकर वहां से भागने की कोशिश की। इस दौरान हाथापाई में दोनों पुलिसकर्मियों की वर्दी भी फट गई।

घटना के बाद पूरे जिले में अलर्ट जारी कर दिया गया और पुलिस की कई टीमें आरोपी की तलाश में जुट गईं। खालापार, शहर कोतवाली, नई मंडी और सिविल लाइन थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से सर्च ऑपरेशन शुरू किया। इसी दौरान सूचना मिली कि आरोपी सुजड़ू क्षेत्र के जंगल की ओर भागा है।
पुलिस ने कूड़ा निस्तारण प्लांट के पास घेराबंदी की। घेराबंदी के दौरान आरोपी की बाइक फिसल गई, जिसके बाद उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी और उसे मौके पर ही दबोच लिया गया। मौके से एक अवैध हथियार भी बरामद किया गया है।

एएसपी सिद्धार्थ के. मिश्रा ने बताया कि आरोपी को फिर से हिरासत में लेकर इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। उपचार के बाद उसके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.