सलमान खान को धमकी देने के आरोपी शेरा पर कार्रवाई, पांच माह के लिए जिला बदर

HIGHLIGHTS
- शेरा उर्फ शाहरुख शाहगंज के दायराशाह अजमल का निवासी है।
- पुलिस के मुताबिक, उसके खिलाफ प्रयागराज और लखनऊ में 45 मुकदमे दर्ज हैं।
- मामलों में मारपीट, धमकी, रंगदारी, लूट और अवैध हथियार से जुड़े आरोप शामिल हैं।
प्रयागराज। बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान को धमकी देने के मामले में सामने आए शेरा उर्फ शाहरुख के खिलाफ कमिश्नरेट प्रयागराज पुलिस ने कार्रवाई की है। अपर पुलिस आयुक्त की अदालत ने उत्तर प्रदेश गुंडा नियंत्रण अधिनियम के तहत शेरा को पांच महीने के लिए कमिश्नरेट प्रयागराज की सीमा से निष्कासित यानी जिला बदर कर दिया है।
शेरा उर्फ शाहरुख शाहगंज थाना क्षेत्र के दायराशाह अजमल का रहने वाला है। पुलिस के अनुसार, उसके खिलाफ प्रयागराज कमिश्नरेट और लखनऊ के अलग-अलग थानों में कुल 45 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें साथियों के साथ घर में घुसकर मारपीट, गालीगलौज, जान से मारने की धमकी, गंभीर चोट पहुंचाने, रंगदारी मांगने, लूट, अवैध हथियार और विस्फोटक पदार्थ रखने के साथ नशीले पदार्थों की बिक्री से जुड़े मामले शामिल हैं।
अपर पुलिस आयुक्त विजय ढुल की अदालत ने अभियोजन और प्रतिपक्ष की दलीलें सुनने के बाद पत्रावली में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर शेरा को पांच महीने के लिए प्रयागराज की सीमा से बाहर रहने का आदेश दिया। पुलिस के मुताबिक, जिला बदर की अवधि के दौरान यदि वह प्रयागराज की सीमा में प्रवेश करता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.


















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.