प्रदूषण और जाम पर बनी सहमति, उद्योगपति–भाकियू की बैठक रही सकारात्मक

मुजफ्फरनगर। जिले में फैक्ट्रियों से फैल रहे प्रदूषण और लगातार लगने वाले ट्रैफिक जाम को लेकर उद्योगपतियों, भारतीय किसान यूनियन और जिला प्रशासन के बीच हुई दूसरी दौर की वार्ता सकारात्मक रही। यह बैठक 2 फरवरी को जिला पंचायत सभागार में भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत की अध्यक्षता में आयोजित की गई।
गौरतलब है कि दिसंबर माह के अंत में इस मुद्दे पर पहली बैठक हुई थी, जिसमें जिला प्रशासन ने उद्योगों को व्यवस्थाओं में सुधार के लिए एक माह का समय दिया था। तय समय के बाद हुई दूसरी बैठक में फैक्ट्री प्रबंधन ने किए गए सुधारों का ब्यौरा प्रस्तुत किया, जिससे क्षेत्र के लोगों ने संतोष जताया।
उत्तर प्रदेश पेपर मिल एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष पंकज अग्रवाल ने बताया कि बीते एक महीने में फैक्ट्री संचालकों के साथ लगातार संवाद कर जरूरी सुधार लागू कराए गए। उन्होंने कहा कि भोपा रोड पर ट्रैफिक जाम की गंभीर समस्या का समाधान कर लिया गया है, जिससे यातायात व्यवस्था अब सुचारू हो गई है।
उन्होंने यह भी बताया कि फैक्ट्रियों के बाहर उड़ने वाली धूल पर नियंत्रण के लिए कदम उठाए गए हैं और हालात में सुधार दिखाई देने लगा है। जो समस्याएं अभी शेष हैं, उन पर कार्य प्रगति पर है और शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
भाकियू प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत ने कहा कि उद्योगों द्वारा किए गए प्रयासों से ग्रामीणों में संतोष है, लेकिन प्रदूषण और फैक्ट्री अवशेष (रक्खी) की समस्या पर अभी और गंभीरता से काम करने की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि उद्योगों को प्रदूषण नियंत्रण संयंत्र लगाने के निर्देश दिए गए हैं, जिनके लिए ऑर्डर भी जारी किए जा चुके हैं।
राकेश टिकैत ने जानकारी दी कि इन मुद्दों की प्रगति की समीक्षा के लिए अगली बैठक 16 अप्रैल को आयोजित की जाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.