AI से अश्लील तस्वीरें बनाकर रेलवे अफसर को किया ब्लैकमेल, 15 लाख की मांगी रंगदारी; महिला गिरफ्तार

HIGHLIGHTS
- रेलवे अधिकारी को एआई से एडिट की गईं आपत्तिजनक तस्वीरें भेजकर 15 लाख रुपये मांगे गए।
- बदनामी के डर से परिवार ने आरोपी को 40 हजार रुपये दिए, लेकिन धमकियां जारी रहीं।
- पत्नी की शिकायत के बाद पुलिस ने प्रयागराज से आरोपी महिला को गिरफ्तार किया।
यूपी के झांसी मंडल में तैनात रेलवे के एक वरिष्ठ अधिकारी को एक महिला द्वारा की गई ब्लैकमेलिंग का सामना करना पड़ा। मामला 15 लाख रुपये की रंगदारी और बदनामी की धमकी तक पहुंच गया था। इस दौरान अधिकारी की पत्नी ने हिम्मत दिखाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया गया। पूरे मामले में आपत्तिजनक तस्वीरें तैयार करने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का इस्तेमाल किया गया था।
एआई के जरिए तैयार की गईं आपत्तिजनक तस्वीरें
अपर पुलिस अधीक्षक सिमरन सिंह के मुताबिक, कर्नाटक के हुबली की रहने वाली मरीना लाजरस उर्फ मरीना जेस्सी ने अपने साथियों के साथ मिलकर रेलवे अधिकारी को निशाना बनाया। आरोप है कि मरीना ने एआई तकनीक की मदद से अधिकारी और उनके परिवार की सामान्य तस्वीरों को एडिट कर आपत्तिजनक रूप दे दिया।
इसके बाद इन तस्वीरों को अधिकारी के व्हाट्सएप पर भेजा गया। तस्वीरों को इंटरनेट पर वायरल करने की धमकी देकर आरोपी ने 15 लाख रुपये की रंगदारी मांगी।
बदनामी के डर से दिए 40 हजार रुपये
परिवार ने बदनामी के डर से अलग-अलग तारीखों और माध्यमों के जरिए आरोपी को 40 हजार रुपये दे दिए। इसके बावजूद ब्लैकमेलिंग का सिलसिला नहीं रुका। 2 जून को मरीना सीधे अधिकारी के घर पहुंच गई। वहां उसने अधिकारी और उनकी पत्नी के साथ गाली-गलौज की।
आरोप है कि मरीना ने पैसे नहीं देने पर जान से मारने और झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी भी दी।
पत्नी ने दर्ज कराई एफआईआर
लगातार मिल रही धमकियों से परेशान होकर अधिकारी की पत्नी अंकिता भारद्वाज ने मामले में कदम उठाया। उन्होंने 2 अगस्त को झांसी के नवाबाद थाने में मरीना के खिलाफ रंगदारी और ब्लैकमेलिंग की नामजद एफआईआर दर्ज कराई।
शिकायत मिलने के बाद नवाबाद पुलिस और सर्विलांस टीम ने जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी की लोकेशन ट्रेस की तो उसके प्रयागराज में होने की जानकारी मिली। इसके बाद झांसी पुलिस ने प्रयागराज के खुल्दाबाद थाना क्षेत्र स्थित रेलवे गेस्ट हाउस में दबिश देकर मरीना को गिरफ्तार कर लिया।
दो मोबाइल और लैपटॉप बरामद
खुल्दाबाद थाना प्रभारी केशव दास वर्मा ने बताया कि गिरफ्तारी के बाद प्रयागराज से ट्रांजिट रिमांड लेकर आरोपी को झांसी लाया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से दो मोबाइल फोन और एक लैपटॉप बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, तस्वीरों से छेड़छाड़ करने में लैपटॉप का इस्तेमाल किया जाता था।
बृहस्पतिवार को पुलिस ने आरोपी युवती को अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। अधिकारी की पत्नी की शिकायत और पुलिस की कार्रवाई के बाद यह ब्लैकमेलिंग का मामला सामने आया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.