वाराणसी SBI में रिवॉल्वर गिरने से चली गोली, महिला बैंककर्मी घायल

HIGHLIGHTS
- घायल महिला के दाहिने पैर में लगी गोली, हालत खतरे से बाहर।
- बैंक मैनेजर ने घायल कर्मचारी को दीनदयाल अस्पताल पहुंचाया।
- पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू की।
वाराणसी। शिवपुर थाना क्षेत्र की चांदमारी पुलिस चौकी के अंतर्गत क्राइस्ट नगर स्थित भारतीय स्टेट बैंक (SBI) की शाखा में शुक्रवार दोपहर करीब 2:45 बजे रिवॉल्वर गिरने से गोली चल गई। गोली लगने से बैंक में संविदा कर्मचारी के रूप में कार्यरत एक महिला घायल हो गई।
जानकारी के अनुसार, बैंक के सुरक्षा गार्ड ने एक ग्राहक की लाइसेंसी रिवॉल्वर मुख्य द्वार के पास बने काउंटर की दराज में रखी थी। बैंक में संविदा पर सेवा सारथी के पद पर तैनात गाजीपुर निवासी अनुराधा त्रिपाठी जब दराज खोल रही थीं, तभी रिवॉल्वर जमीन पर गिर गई और गोली चल गई। गोली उनके दाहिने पैर में लगने के बाद दीवार में जा लगी। घटना में घायल महिला खून से लथपथ होकर गिर पड़ीं, जिसके बाद बैंक में अफरा-तफरी मच गई।
घटना के तुरंत बाद बैंक मैनेजर मनोज कुमार ने पुलिस को सूचना दी और घायल महिला को दीनदयाल अस्पताल पहुंचाया। मौके पर पहुंची पुलिस घटना के कारणों की जांच में जुट गई। महिला की हालत खतरे से बाहर बताई गई है।
बैंक ग्राहक ने सुरक्षा गार्ड को रखने के लिए दी थी रिवॉल्वर
लाइसेंसी रिवॉल्वर के धारक संजीव शुक्ला ने बताया कि वह मूल रूप से जौनपुर जिले के सुजानगंज के निवासी हैं और वर्तमान में शिवपुर के लोढ़ान में किराए के मकान में रहते हैं। उनकी कंपनी पीपी पांडेय इंफ्रास्ट्रक्चर एनएचएआई की ओर से कराए जा रहे रिंग रोड के सर्विस लेन का निर्माण कार्य कर रही है। वह कंपनी में महाप्रबंधक (जीएम) के पद पर तैनात हैं।
संजीव शुक्ला के अनुसार, शुक्रवार दोपहर करीब 2:15 बजे वह क्राइस्ट नगर स्थित एसबीआई शाखा में योनो और पासबुक अपडेट कराने पहुंचे थे। इसी दौरान उन्हें अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर पास में होने का ध्यान आया। एहतियात के तौर पर उन्होंने बैंक के मुख्य द्वार पर तैनात सुरक्षा गार्ड रामचंद्र यादव को रिवॉल्वर रखने के लिए दे दी और बैंक का काम करने लगे।
सुरक्षा गार्ड रामचंद्र यादव ने बताया कि उन्होंने रिवॉल्वर को मुख्य द्वार के पास बने काउंटर की दराज में रख दिया था। करीब 2:40 बजे संविदा कर्मचारी अनुराधा त्रिपाठी ने दराज खोली, तभी रिवॉल्वर नीचे गिर गई और गोली चल गई।
बैंक मैनेजर मनोज कुमार ने घटना की जानकारी पुलिस को तहरीर देकर दी है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच-पड़ताल कर रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.