चमोली हेलीकॉप्टर हादसे में सभी छह लोगों की मौत, अंतिम शव भी बरामद

HIGHLIGHTS
- अंतिम शव सुबह 4:40 बजे घटनास्थल से निकाला गया।
- सुबह 6:20 बजे आखिरी शव ज्योतिर्मठ की मोर्चरी पहुंचा।
- रेस्क्यू अभियान में NDRF, SDRF, ITBP और सेना के जवान शामिल रहे।
चमोली में हुए हेलीकॉप्टर हादसे में जान गंवाने वाले सभी छह लोगों के शव निकाल लिए गए हैं। रेस्क्यू टीमों ने सभी शवों को घटनास्थल से निकालकर ज्योतिर्मठ पहुंचा दिया है।
शनिवार को एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, आईटीबीपी, स्थानीय पुलिस, फायर सर्विस, स्थानीय प्रशासन और सेना के जवानों की टीमों ने क्षत-विक्षत शवों को रेस्क्यू किया। इसके बाद उन्हें तोली नाला स्थित सड़क मार्ग तक पहुंचाया गया। अंतिम शव सुबह 4:40 बजे घटनास्थल से लाया गया, जबकि सुबह 6:20 बजे उसे ज्योतिर्मठ की मोर्चरी पहुंचाया गया।
चिकित्सकों ने सभी छह लोगों को मृत घोषित कर दिया है। पंचायतनामा की कार्रवाई के लिए शवों को हेलीकॉप्टर से एम्स ऋषिकेश भेजा जाएगा।
ऐसे हुआ था हेलीकॉप्टर हादसा
शुक्रवार को खराब मौसम के दौरान ट्रांस भारत एविएशन का हेलीकॉप्टर बदरीनाथ धाम से सहस्त्रधारा हेलीपोर्ट के लिए रवाना हुआ था। इसी दौरान ज्योतिर्मठ क्षेत्र में हेलीकॉप्टर पहाड़ी से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
हादसा हाथी पहाड़ के ऊपर चांई गांव और लामबगड़ के बीच जंगल में हुआ था। हेलीकॉप्टर में पायलट सहित छह लोग सवार थे और दुर्घटना में सभी की मौत हो गई।
हेलीकॉप्टर में सवार तीर्थयात्री देश के प्रथम गांव माणा घूमने भी गए थे। वहां से सभी हेलीकॉप्टर के जरिए सहस्त्रधारा लौट रहे थे। इसी दौरान ज्योतिर्मठ क्षेत्र में यह दुर्घटना हो गई।
हादसे में जान गंवाने वाले छह लोगों के नाम
हेलीकॉप्टर में पायलट समेत कुल छह लोग सवार थे। हादसे में सभी की जान चली गई।
पायलट:
कैप्टन हिमांशु सभरवाल (48 वर्ष), निवासी दिल्ली।
यात्री:
प्रतापा (41 वर्ष), निवासी कर्नाटक।
अरुण सालुंके (44 वर्ष), निवासी कर्नाटक।
वी.बी. शंकर गौड़ा (39 वर्ष), निवासी कर्नाटक।
सुधीर के. (50 वर्ष), निवासी कर्नाटक।
एच.एस. नटराजा (51 वर्ष), निवासी कर्नाटक।
ज्योतिर्मठ पहुंची डीजीसीए की टीम
हेलीकॉप्टर दुर्घटना की जांच के लिए शनिवार को डीजीसीए (नागरिक उड्डयन) की टीम पांडुकेश्वर पहुंच गई थी। टीम आज घटनास्थल का दौरा करेगी।
जिलाधिकारी गौरव कुमार ने बताया कि डीजीसीए की टीम हादसे के कारणों की जांच करेगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.