बदरीनाथ हेलीकॉप्टर हादसा: दूसरे दिन भी रेस्क्यू अभियान जारी, शवों को लाने पहुंचीं टीमें

HIGHLIGHTS
- हादसे में दिल्ली के पायलट और कर्नाटक के पांच यात्रियों की जान गई थी।
- सेना की सिग्नल कोर के जवान सुबह ही घटनास्थल पर पहुंच गए।
- आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदकिशोर जोशी ने शवों को रेस्क्यू कर लाने की जानकारी दी।
गोपेश्वर। बदरीनाथ हेलीकॉप्टर दुर्घटना के बाद दूसरे दिन शनिवार को भी बचाव अभियान जारी है। मौसम साफ होने के बाद एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और पुलिस की रेस्क्यू टीमें सुबह तड़के ही दुर्घटनास्थल के लिए रवाना हो गईं।
आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदकिशोर जोशी ने बताया कि घटनास्थल पर मौजूद शवों को रेस्क्यू कर नीचे लाया जाएगा। सेना की सिग्नल कोर के जवान भी सुबह ही मौके पर पहुंच गए हैं।
गौरतलब है कि शुक्रवार को बदरीनाथ धाम से देहरादून के सहस्त्रधारा हेलीपैड के लिए उड़ान भरने वाला हेलीकॉप्टर हादसे का शिकार हो गया था। दुर्घटना में दिल्ली के पायलट और कर्नाटक के पांच यात्रियों की मौत हो गई थी।
शनिवार को होगी हादसे के कारणों की जांच
बदरीनाथ से उड़ान भरने के बाद पांडुकेश्वर में दुर्घटनाग्रस्त हुए ट्रांस भारत एविएशन प्राइवेट लिमिटेड के हेलीकॉप्टर हादसे की जांच शनिवार को की जाएगी। दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई और इसके पीछे क्या वजह रही, इसकी पड़ताल होगी।
नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) और विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो की टीमें शनिवार को घटनास्थल पर पहुंचेंगी। हादसे में जान गंवाने वाले सभी छह लोगों के परिजन भी शनिवार को बदरीनाथ धाम पहुंचेंगे।
एसडीआरएफ और पुलिस प्रशासन की टीमें शवों को नीचे लाने का काम करेंगी। शुक्रवार को अंधेरा होने और रास्ते के दुर्गम होने के कारण ये टीमें घटनास्थल तक नहीं पहुंच सकी थीं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.