अंकित बालियान हत्याकांड: इंस्टा पर फिर धमकी भरी पोस्ट, लिखा- घर के बाहर चलेंगी 400 गोलियां

HIGHLIGHTS
- ‘कैडी 4 सत्यम’ नाम के इंस्टाग्राम अकाउंट पर नई पोस्ट सामने आई।
- पोस्ट में आमने-सामने मिलने की चुनौती दी गई है।
- पुलिस सोशल मीडिया अकाउंट्स की असलियत की जांच कर रही है।
शामली में गायक अंकित बालियान हत्याकांड के बाद सोशल मीडिया पर एक लाख रुपये के इनामी शार्प शूटर सत्यम के नाम से बनाए गए इंस्टाग्राम अकाउंट ‘कैडी 4 सत्यम’ पर एक बार फिर धमकी भरी पोस्ट सामने आई है। पोस्ट में लिखा गया है कि जिस दिन हमारा माथा चटकेगा, उस दिन जिंदगी हल जाएगी।
पोस्ट में घर के बाहर 400 गोलियां चलाने की धमकी दी गई है। इसमें आगे कहा गया है कि आमने-सामने मिलेंगे, जब मिलना हो बता देना। किसी से डरते नहीं हैं। इसके अलावा सत्यम के नाम से पोस्ट में लिखा गया है कि अखबार ने उसे गुंडा कहा है, लेकिन वह गुंडा नहीं है। पोस्ट में मन्या सुर्वे का भी जिक्र किया गया है। एक अन्य पोस्ट में लिखा है- हम तो कबूल कर रहे हैं, टेंशन ना लो। एसपी ने बताया कि पोस्ट की जांच की जा रही है।
तीन घंटे के लिए बनाई थी स्नैप आईडी
पुलिस की जांच में सामने आया है कि करनाल के शार्प शूटरों ने सिम खरीदने के लिए करीब तीन घंटे के लिए स्नैपचैट आईडी बनाई थी। इसके बाद आईडी डिलीट कर दी गई थी। पुलिस अब सोशल मीडिया पर सत्यम समेत अन्य नामों से की जा रही पोस्ट की भी जांच कर रही है कि इन्हें वास्तव में संबंधित लोगों ने डाला है या किसी अन्य व्यक्ति ने उनके नाम का इस्तेमाल किया है।
गोगी गैंग के नाम से वायरल पोस्ट से किया इनकार
अंकित हत्याकांड के बाद सोशल मीडिया पर गोगी गैंग के नाम से वायरल हुई पोस्ट को लेकर सवाल पूछे जाने पर मासूम शर्मा ने कहा कि उन्होंने ऐसी कोई पोस्ट नहीं की है। उन्होंने वायरल पोस्ट से अपना संबंध होने से साफ इनकार किया।
हरियाणवी गीतों में बढ़ते गन कल्चर और इस तरह के गानों को लेकर पूछे गए सवाल पर मासूम शर्मा ने कोई जवाब नहीं दिया और बात टाल दी।
अंकित के परिवार के साथ गलत हुआ, जल्द मिले न्याय : केडी
हरियाणवी सिंगर केडी ने गायक अंकित बालियान हत्याकांड पर दुख जताते हुए कहा कि अंकित के परिवार के साथ बहुत गलत हुआ है। परिवार ने अपना बेटा खोया है और इस दर्द की भरपाई नहीं हो सकती। उन्होंने कहा कि अंकित के परिवार को जल्द से जल्द न्याय मिलना चाहिए। मामले में शामिल आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि परिवार को इंसाफ मिल सके।
एक दिन पहले पोस्ट में लिखा था- दो और मर्डर होंगे
सत्यम के नाम से सोशल मीडिया पर बृहस्पतिवार को एक पोस्ट की गई थी। इसमें आमने-सामने मिलने की चुनौती देते हुए डरने से इनकार किया गया था। साथ ही कहा गया था कि अभी दो और मर्डर होंगे। लगातार सामने आ रही इन पोस्ट के बाद पुलिस की जांच सोशल मीडिया अकाउंट और उन्हें संचालित करने वालों की ओर भी बढ़ गई है।
राकेश पंपू और रोहित से होगा बड़ा खुलासा
एसपी के अनुसार, गोगी गिरोह के करनाल जेल में बंद राकेश उर्फ पंपू और दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद सोनीपत निवासी रोहित को रिमांड पर लेने के लिए सोमवार को कोर्ट में अर्जी दाखिल की जाएगी। दोनों से पूछताछ में हत्याकांड से जुड़े कई अहम खुलासे होने की संभावना है।
पटना पुलिस से भी मांगा सहयोग
सत्यम कादयान और आर्यन संधू बिहार के पूर्णिया के धमदाहा और नीरपुर गांव में भी रहे थे। यहां एक युवती ने उनकी मदद की थी, जो पढ़ाई करती है। पुलिस के अनुसार, युवती के परिजनों से पूछताछ की जा रही है। युवती से भी पूछताछ की गई है।
बताया गया कि युवती की दोस्ती सत्यम से इंस्टाग्राम पर हुई थी। इसके बाद दोनों वहां से चले गए थे। आरोपियों की तलाश में पुलिस ने पटना पुलिस से भी सहयोग मांगा है।
रेकी करने वाले दो और रडार पर
पुलिस के मुताबिक, अंकित हत्याकांड से पहले रेकी करने वाले शामली के दो और लोग पुलिस के रडार पर हैं। पुलिस अब तक छह लोगों से पूछताछ कर चुकी है। इनसे मिली जानकारी के आधार पर पुलिस हत्याकांड की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
महिला समेत तीन लोगों ने शार्प शूटरों से कराई थी डीलिंग
हरियाणवी गायक अंकित बालियान हत्याकांड की जांच में पुलिस को अहम जानकारी मिली है। पुलिस के अनुसार, गोगी गिरोह में महिलाओं की भूमिका भी सामने आई है। करनाल की जेल में बंद पंपू गिरोह के राकेश पंपू ने सोनीपत और पानीपत निवासी एक महिला और दो अन्य लोगों के जरिए शार्प शूटरों से संपर्क किया था।
आरोप है कि इन्हीं लोगों ने शार्प शूटरों को पांच-पांच लाख रुपये का झांसा देकर अंकित की हत्या की डीलिंग कराई थी। पुलिस अब महिला और दोनों अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है। पुलिस के अनुसार, शूटरों से डीलिंग करने के लिए पंपू के कहने पर महिला समेत तीनों लोग जेल भी पहुंचे थे। पुलिस जेल के रिकॉर्ड भी खंगाल रही है।
महिला और अन्य सदस्यों को भी बनाया जाएगा आरोपी
पुलिस अधीक्षक नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि जांच में महिला और गिरोह के अन्य सदस्यों की भूमिका सामने आई है। उन्हें भी मामले में आरोपी बनाया जाएगा। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगाई गई हैं।
4500 रुपये में दिल्ली से खरीदा था जीपीएस
पुलिस के अनुसार, जांच में पता चला है कि शूटर मोहित और सुमित ने करीब 4500 रुपये में दिल्ली से जीपीएस खरीदा था। पुलिस संबंधित दुकानदार से पूछताछ कर चुकी है, हालांकि अभी उसकी भूमिका सामने नहीं आई है। दोनों ने 20 अगस्त को जीपीएस कार में लगाया था, लेकिन वह सक्रिय नहीं हो सका था।
यह था मामला
26 अगस्त को बंतीखेड़ा गांव निवासी हरियाणवी गायक अंकित बालियान की शामली में नाला पटरी स्थित जिम से बाहर निकलते समय शार्प शूटरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। हत्याकांड के बाद सोनीपत के गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई से जुड़े गोगी गिरोह के भोलू शाहपुरिया के नाम से सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर हत्या की जिम्मेदारी ली गई थी।
पुलिस ने 31 अगस्त को गोगी गैंग के पचास हजार रुपये के इनामी सोनीपत के मोहित और सुमित को मुठभेड़ में मार गिराया। जांच में सामने आया था कि ‘भरी कोर्ट में गोली मारेंगे मेरी जान’ गाने की रंजिश में गोगी गैंग के भोलू और कनाडा में बैठे गिरोह के सदस्य चिराग और मोंटी ने अंकित की हत्या कराई थी। इसके लिए शूटरों को सुपारी दी गई थी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.