हरियाणवी गायक अंकित की हत्या के बाद बागपत के रास्ते भागे थे शूटर, चारों की हुई पहचान

HIGHLIGHTS
- चारों आरोपी करनाल से बिडौली के रास्ते शामली पहुंचे थे
- हत्या के बाद बड़ौत और बागपत होते हुए गौरीपुर मोड़ गए
- गौरीपुर मोड़ से शूटर सोनीपत की ओर निकल गए
बागपत। हरियाणवी गायक अंकित बालियान की हत्या के बाद चारों शार्प शूटर बागपत के रास्ते सोनीपत की ओर भागे थे। पुलिस की जांच में उनके भागने के रूट और पहचान से जुड़ी अहम जानकारियां सामने आई हैं। पुलिस ने चारों शार्प शूटरों की पहचान कर ली है। इनमें करनाल निवासी आर्यन और सत्यम के नाम सामने आए हैं। पुलिस ने आरोपियों की तलाश में करनाल, पानीपत और रोहतक में दबिश दी, लेकिन अब तक सफलता नहीं मिली है।
शार्प शूटरों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रही हैं। इन तस्वीरों में दिखने वाले लोगों का चेहरा घटना के समय सीसीटीवी में कैद शार्प शूटरों से मिलता-जुलता बताया जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक, 26 अगस्त को चारों शार्प शूटर करनाल से बिडौली के रास्ते शामली पहुंचे थे। नाला पटरी पर अंकित की हत्या करने के बाद वे दिल्ली रोड से बड़ौत-बागपत होते हुए गौरीपुर मोड़ पहुंचे। इसके बाद वहां से सोनीपत की ओर निकल गए। बाद में सभी अपने-अपने ठिकानों पर चले गए।
जांच में सामने आया है कि चारों शूटर करनाल, पानीपत और रोहतक के रहने वाले हैं। इनमें दो के करनाल निवासी होने की जानकारी है। ये दोनों सोशल मीडिया पर बदमाशी वाले गानों की वीडियो और रील अपलोड करते रहे हैं। इनमें से एक शार्प शूटर करनाल के कारोबारी का बेटा बताया जा रहा है।
हालांकि, एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि वायरल तस्वीरों में वही शार्प शूटर है, इसकी अभी जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही इस बारे में कुछ कहा जा सकेगा। करनाल के दोनों नामों की भी जांच की जा रही है।
कार बदलने का शौकीन है एक आरोपी
पुलिस के अनुसार, करनाल का एक शार्प शूटर कार रखने का शौकीन है। वह हर तीन से चार महीने में अपनी कार बदलता है। उसके खिलाफ छह से अधिक मुकदमे दर्ज होने की जानकारी है। वहीं, दूसरे आरोपी के खिलाफ किसी मुकदमे के दर्ज होने की जानकारी नहीं है।
कई दिन से रेकी कर रहे थे हमलावर, शूटरों को दी गई थी मोटी रकम
पुलिस के मुताबिक, हमलावर कई दिनों से अंकित की रेकी कर रहे थे। हत्या को अंजाम देने के लिए शूटरों को मोटी रकम दिए जाने की जानकारी भी सामने आई है। आरोपी इंटरनेट कॉल के जरिए एक-दूसरे के संपर्क में थे।
पुलिस को शार्प शूटरों की आवाजाही से जुड़ी शामली, कांधला और दिल्ली रोड की 12 और सीसीटीवी फुटेज मिली हैं। इन फुटेज के आधार पर पुलिस शूटरों की गतिविधियों और उनके भागने के रास्ते की जांच कर रही है।
अंकित हत्याकांड में ऐसी कार्रवाई होगी, जो नजीर बनेगी : ब्रजेश पाठक
प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने सोशल मीडिया पर जारी बयान में कहा कि अंकित हत्याकांड में ऐसी कार्रवाई की जाएगी, जो नजीर बनेगी। उन्होंने सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें इस मामले में राजनीति करने से बचना चाहिए।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.