इकरा हसन का बड़ा बयान, बोलीं- भाजपा को सिर्फ सपा ही हरा सकती है

HIGHLIGHTS
- दिशा की बैठक के बाद कैराना सांसद ने की प्रेसवार्ता
- इकरा हसन ने अपने संसदीय क्षेत्र के विकास कार्यों का मुद्दा उठाया
- सड़क निर्माण के लिए शासन से मंजूरी मिलने की जानकारी दी
- चौसाना और माल्हीपुर में राजकीय इंटर कॉलेज का मुद्दा उठाया
शामली में दिशा की बैठक के बाद हुई प्रेसवार्ता में कैराना सांसद इकरा हसन ने प्रदेश की राजनीति को लेकर भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा को यदि कोई हरा सकता है तो वह समाजवादी पार्टी ही है।
भाजपा को सपा ही हरा सकती है : इकरा
सांसद इकरा हसन ने कहा कि प्रदेश में भाजपा के सामने समाजवादी पार्टी ही प्रमुख राजनीतिक चुनौती है। उन्होंने कहा कि भाजपा को प्रदेश में हराने की क्षमता सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव में ही है। कांग्रेस के संबंध में उन्होंने कहा कि वह कुछ नहीं कर पाएगी। उन्होंने कहा कि गठबंधन नहीं रहने की स्थिति में कांग्रेस को नुकसान होगा, जबकि सपा को इससे कोई नुकसान नहीं होगा।
विकास कार्यों में देरी का मुद्दा उठाया
दिशा की बैठक के दौरान इकरा हसन ने अपने संसदीय क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों में देरी का मुद्दा उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष में होने के कारण उनके क्षेत्र के काम नहीं कराए जा रहे हैं। सांसद ने पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता राजकुमार सिंह से पूछा कि क्या वह भाजपा और रालोद से जुड़े हैं। इस पर अभियंता ने कहा कि वह किसी राजनीतिक दल के कार्यकर्ता नहीं हैं और शासन के निर्देशों के अनुसार कार्य कर रहे हैं।
सांसद ने बताया कि गढ़ी दथेडा से नाई नगला होते हुए थालवा और कैराना से इस्सौपुर खुरगान तक सड़क निर्माण को शासन से मंजूरी मिल चुकी है। उन्होंने 800 मीटर सड़क का निर्माण कराने के साथ प्रस्तावित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने की मांग की।
राजकीय इंटर कॉलेज और शिक्षकों की कमी का मामला
इकरा हसन ने चौसाना और माल्हीपुर में राजकीय इंटर कॉलेज नहीं होने का मुद्दा भी बैठक में उठाया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण कॉलेज के निर्माण के लिए भूमि उपलब्ध कराने को तैयार हैं। सांसद ने डीआईओएस और डीएम से राजकीय इंटर कॉलेज के लिए प्रस्ताव तैयार कराने को कहा।
उन्होंने बंतीखेड़ा जूनियर हाईस्कूल और इस्सौपुर खुरगान में गणित व विज्ञान के शिक्षकों की कमी का मामला भी सामने रखा। चहारदीवारी विहीन प्राथमिक विद्यालयों की सूची डीएम को सौंपी गई। इसके साथ ही कैराना के दिगंबर जैन इंटर कॉलेज को दूसरे स्थान पर स्थानांतरित करने का मामला भी बैठक में रखा गया।
अधूरे पुल और हाईवे की बदहाली पर सवाल
बैठक में बलवा और शामली सदर तहसील क्षेत्र में स्वीकृत उपरिगामी पुलों के निर्माण का मुद्दा भी उठाया गया। एनएचएआई बागपत इकाई के अभियंता सत्यम सेठ ने बताया कि बिजली के खंभे हटाए जाने के बाद पुलों का निर्माण शुरू किया जाएगा। दोनों पुलों को 18 माह में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
दिल्ली-शामली-सहारनपुर हाईवे पर गड्ढों और मरम्मत में हो रही देरी का मुद्दा भी उठाया गया। अभियंता ने बताया कि गौरीपुर से खेकड़ा तक हाईवे की मरम्मत हो चुकी है और गौरीपुर मोड़ से शामली तक जल्द पेचवर्क कराया जाएगा। एनएचएआई के परियोजना निदेशक नरेंद्र सिंह के बैठक में मौजूद नहीं होने पर सांसद ने नाराजगी जताई।
आयुष्मान योजना में गड़बड़ी की जांच के निर्देश
बैठक में आयुष्मान योजना में गड़बड़ी के आरोप भी लगाए गए। इसके अलावा कांधला-किवाना की जर्जर सड़क, स्कूलों में शिक्षकों की कमी और जल जीवन मिशन के तहत सड़कें खोदने के बाद काम पूरा नहीं किए जाने का मामला भी उठाया गया।
आयुष्मान योजना के नाम पर अस्पतालों में 40 करोड़ 42 लाख रुपये की गड़बड़ी और धनराशि वसूलकर अल्ट्रासाउंड लाइसेंस जारी करने के आरोप लगाए गए। डीएम आलोक यादव ने सीएमओ डॉ. तृतीय कुमार को मामले की जांच के निर्देश दिए।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.