अंकित बालियान हत्याकांड में बड़ा एक्शन, दो इनामी शूटर पुलिस मुठभेड़ में ढेर

HIGHLIGHTS
- दोनों आरोपी सोनीपत के रहने वाले बताए गए हैं।
- पुलिस के मुताबिक दोनों गोगी गैंग के शूटर थे।
- मुठभेड़ के बाद अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया।
हरियाणवी गायक अंकित बालियान हत्याकांड में शामिल दो शार्प शूटर सोमवार सुबह पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में मारे गए। औद्योगिक क्षेत्र में हुई मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने 50-50 हजार रुपये के इनामी सुमित और मोहित को ढेर कर दिया। दोनों गोगी गैंग के शूटर बताए जा रहे हैं और सोनीपत के रहने वाले थे।
पुलिस के मुताबिक, अंकित बालियान की हत्या के बाद दोनों शूटर बागपत के रास्ते लोनी की तरफ फरार हुए थे। सोमवार सुबह दोनों औद्योगिक क्षेत्र के रास्ते सोनीपत जाने की कोशिश में थे। इसी दौरान पुलिस ने उन्हें घेर लिया। बदमाशों ने पुलिस टीम पर गोलीबारी कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों घायल हो गए। पुलिस दोनों को अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि मुठभेड़ में मारे गए दोनों बदमाश अंकित हत्याकांड में शामिल थे। पुलिस ने घटनास्थल से हथियार और अन्य सामान भी बरामद किया है। दोनों बदमाशों को 20 से अधिक गोलियां लगने की जानकारी सामने आई है।
चार शूटरों ने दिया था वारदात को अंजाम
पुलिस की जांच में सामने आया है कि अंकित बालियान की हत्या में चार शूटर शामिल थे। इनमें सुमित और मोहित को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया है। अब पुलिस सत्यम और आर्यन की तलाश कर रही है। दोनों को पकड़ने के लिए पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।
हत्या के बाद से बदमाशों का पीछा कर रही थी पुलिस
अंकित बालियान की हत्या के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर शूटरों की तलाश शुरू की थी। जांच के दौरान उनके बागपत और लोनी की तरफ भागने की जानकारी मिली थी। इसके बाद पुलिस टीमों ने संभावित रास्तों पर निगरानी बढ़ा दी थी।
सोमवार सुबह इसी कार्रवाई के दौरान औद्योगिक क्षेत्र में पुलिस का बदमाशों से सामना हो गया और मुठभेड़ हुई।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.