शामली में खनन अधिकारी के घर से 63 लाख रुपये बरामद, कार्यालय से भी मिली नकदी

HIGHLIGHTS
- विजिलेंस की दो टीमें गुरुवार दोपहर सरकारी आवास पहुंचीं।
- तलाशी के दौरान दो अलमारियां जांच के दायरे में आईं।
- अलमारियों में 200 और 500 रुपये के नोटों की गड्डियां मिलीं।
शामली। जिला खनन अधिकारी के सरकारी आवास पर विजिलेंस की तलाशी के दौरान बड़ी मात्रा में नकदी बरामद होने से जांच टीम भी हैरान रह गई।
विजिलेंस टीम जब सरकारी आवास पर पहुंची तो वहां दो अलमारियां मिलीं। इनमें से एक अलमारी में कपड़ों के साथ लाखों रुपये से भरा बैग रखा था। वहीं छोटी अलमारी में कपड़ों की तरह नोटों की गड्डियां रखी हुई थीं। दोनों अलमारियों में अंदर गुप्त लॉक के साथ बाहर से भी ताला लगा हुआ था।
500-500 रुपये के नोटों के बंडल मिले
गुरुवार दोपहर करीब तीन बजे विजिलेंस की दो टीमें खनन अधिकारी सुधाकर सिंह को लेकर उनके सरकारी आवास पर पहुंचीं। इसके बाद घर की तलाशी ली गई। अलमारी के खानों में 200 और 500 रुपये के नोटों की गड्डियां रखी मिलीं।
दूसरी अलमारी खोली गई तो उसमें दो बड़े बैग पैक करके रखे हुए मिले। इन बैगों में 500-500 रुपये के नोटों के बंडल भरे हुए थे।
टीम बरामद नकदी को लेकर थाने पहुंची और नोटों की गिनती शुरू की। गिनती में परेशानी होने पर एलडीएम से मशीन मंगाई गई और मशीन के जरिए नोटों की गिनती की गई। इस दौरान हिरासत में लिए गए जिला खनन अधिकारी सुधाकर सिंह अधिकारियों के बीच बेफिक्र होकर चाय पीते रहे।
85 हजार रुपये की रिश्वत लेते पकड़े गए
उत्तर प्रदेश सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) मेरठ सेक्टर की ट्रैप टीम ने गुरुवार को जिला खनन अधिकारी कार्यालय में कार्रवाई की। टीम ने जिला खनन अधिकारी सुधाकर सिंह और संविदा कर्मी सहायक लिपिक सद्दाम को 85 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया।
कार्यालय में खनन अधिकारी की दराज से आठ लाख रुपये नकद बरामद हुए। इसके अलावा उनके सरकारी आवास से 63 लाख रुपये मिले। विजिलेंस टीम ने दोनों आरोपितों को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया, जहां उनसे पूछताछ की गई।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.