अंकित बालियान हत्याकांड: क्या ‘चुप हूं...’ वाले वीडियो से गोलियों तक पहुंची बात? 2 शूटर पकड़े

HIGHLIGHTS
- जांच में पानीपत और करनाल के शूटरों के शामिल होने की बात सामने आई है।
- पुलिस वायरल सीसीटीवी फुटेज के जरिए संदिग्धों की पहचान कर रही है।
- सोशल मीडिया पर अंकित के पुराने वीडियो और पोस्ट की भी जांच की जा रही है।
शामली। हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान हत्याकांड में पुलिस ने दो शूटरों को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में सामने आया है कि वारदात को हरियाणा के पानीपत और करनाल के शूटरों ने अंजाम दिया था। वहीं, सोशल मीडिया पर वायरल सीसीटीवी फुटेज के जरिए पुलिस अब बेखौफ बदमाशों की पहचान करने में जुटी है। पुलिस को आशंका है कि हत्या के बाद आरोपी हरियाणा या दिल्ली की तरफ फरार हो गए।
हत्याकांड का खुलासा करने के लिए पुलिस, एसटीएफ और क्राइम ब्रांच की टीमों ने शामली के अलावा हरियाणा के रोहतक, पानीपत और सोनीपत तथा दिल्ली के खजूरी खास सहित कई स्थानों पर दबिश दी। इस दौरान दो शूटरों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ की जा रही है।
मामले में पुलिस कई संदिग्धों से पूछताछ कर रही है। उनके संपर्कों और मोबाइल लोकेशन की भी जांच की जा रही है। एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि अब तक की जांच में पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। जांच में पता चला है कि हरियाणा के करनाल और पानीपत के शूटर भी वारदात में शामिल थे। इसके साथ ही सीसीटीवी फुटेज से भी कुछ अहम सुराग हाथ लगे हैं।
हत्या की जिम्मेदारी लेने वाले गायक की लोकेशन कर्नाटक में
अंकित बालियान हत्याकांड की जिम्मेदारी लेने वाले गायक भूपेंद्र ढींगरा की भूमिका की भी पुलिस जांच कर रही है। पुलिस के मुताबिक, भूपेंद्र ने सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर अंकित की हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा किया था। उसने इसे गाली का बदला बताया था।
भूपेंद्र मूल रूप से गुरुग्राम का रहने वाला है, जबकि पुलिस को उसकी लोकेशन कर्नाटक में मिली है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि सोशल मीडिया पर हत्या की जिम्मेदारी लेने वाला भूपेंद्र वास्तव में इस हत्याकांड में शामिल है या नहीं। इसके लिए उसके संभावित ठिकानों और संपर्कों की जानकारी जुटाई जा रही है।
कहां भूमिगत हो गए भाजपा के सहयोगी जाट नेता: अखिलेश
सपा अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री जाट समाज में व्याप्त आक्रोश और मारे गए लोकप्रिय युवा गायक अंकित बालियान के दुखी पिता की बात सुनेंगे या उनके साथ भी लखनऊ के अग्निकांड में मारे गए बच्चे की दुखी मां जैसा व्यवहार करेंगे। उन्होंने कहा कि कहीं ऐसा न हो कि उनसे भी धमकी भरे अंदाज में यह कहकर निकल जाएं कि वह भाषण सुनने के मूड में नहीं हैं।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सिर्फ वोटों की सगी है, जाट या किसी अन्य समाज की नहीं। उन्होंने कहा कि आज जो जाट नेता अपने स्वार्थ के कारण भाजपा के साथ खड़े हैं, उनसे पूरा जाट समाज जवाब मांग रहा है। उन्होंने सवाल किया कि भाजपा के सहयोगी जाट नेता आखिर कहां भूमिगत हो गए हैं। उनके मुताबिक, युवा जाट आज ऐसे नेताओं को तलाशते फिर रहे हैं।
सोशल मीडिया पर छिड़ी जंग ने तो नहीं लिख दी अंकित की मौत की पटकथा
इंस्टाग्राम पर चल रही कथित जुबानी जंग, लगातार वायरल होते वीडियो और पोस्ट के बीच शामली में हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की गोली मारकर हत्या कर दी गई। अब पुलिस सोशल मीडिया से जुड़ी उस कड़ी को भी जांच में शामिल कर रही है, जिसकी शुरुआत अंकित की मौत से कुछ दिन पहले हुई थी। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि कहीं सोशल मीडिया पर शुरू हुआ विवाद ही अंकित की हत्या की वजह तो नहीं बना।
शामली के गांव बंतीखेड़ा निवासी अंकित बालियान हरियाणवी संगीत की दुनिया में अपनी अलग पहचान बना चुके थे। गायकी के अलावा वह यूट्यूब और इंस्टाग्राम पर भी सक्रिय थे। उनके गानों और सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर वह अक्सर चर्चा में रहते थे। उनके चर्चित गाने ‘भरी कोर्ट में गोली मारेंगे मेरी जान’ को लेकर भी विवाद हुआ था और प्रशासन ने इस गाने पर रोक लगा दी थी।
अंकित की हत्या के बाद उनके पुराने वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। इनमें कुछ दिन पहले पोस्ट किया गया एक वीडियो भी शामिल है। इसमें अंकित उन लोगों को कड़ी चेतावनी देते नजर आ रहे हैं, जो बार-बार उनका नाम किसी मामले से जोड़ रहे थे। वीडियो में वह खुद को वेस्ट यूपी का बताते हुए सामने वाले को खुली चुनौती देते दिखाई देते हैं।
‘चुप हूं, इसका मतलब यह नहीं कि गलती की है’
अंकित के इस वीडियो के सामने आने के बाद हत्या को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। वीडियो में वह कहते नजर आते हैं कि वह चुप हैं, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि उन्होंने कोई गलती की है। इसके बाद वह बार-बार अपना नाम लेने वालों को चेतावनी देते हैं।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि अंकित ने यह वीडियो आखिर किस व्यक्ति या विवाद को लेकर बनाया था और उस समय उनका किन लोगों से विवाद चल रहा था।
एएसपी सुमित शुक्ला के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान की जा रही है। फिलहाल पुलिस सोशल मीडिया विवाद, वायरल वीडियो, संदिग्धों की गतिविधियों और सीसीटीवी फुटेज से सामने आए सुरागों को जोड़कर जांच आगे बढ़ा रही है।
शामली में हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की हत्या
शामली शहर के बीच आर्यपुरी नाला पटरी पर कोतवाली के नजदीक बुधवार देर शाम करीब 6:45 बजे बाइक से आए चार हमलावरों ने अंधाधुंध फायरिंग कर हरियाणवी सिंगर और एक्टर अंकित बालियान (35) की हत्या कर दी। बावरी क्षेत्र के गांव बंतीखेड़ा निवासी अंकित जिम से बाहर निकलने के बाद जैसे ही गाड़ी में बैठे, हमलावरों ने उन पर हमला कर दिया। अंकित के सिर, छाती और पेट में नौ गोलियां लगी थीं।
हत्यारोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया। अंकित बालियान पिछले कुछ समय से हरियाणा के सोनीपत में रह रहे थे। हालांकि, पिछले करीब छह महीने से वह शामली स्थित अपने गांव में परिवार के साथ रह रहे थे। वह जिला पंचायत चुनाव लड़ने की तैयारी भी कर रहे थे। वार्ड तीन से संभावित प्रत्याशी के पोस्टर भी लगाए जा चुके थे।
जिम में आई कॉल पर हुई बहस, बाहर निकलते ही मार दी गोली
बुधवार शाम अंकित अपनी स्कॉर्पियो से गांव से नाला पटरी आर्यपुरी स्थित जिम पहुंचे थे। पुलिस की प्राथमिक जांच में सामने आया है कि जिम में उन्हें किसी का फोन आया था। फोन करने वाले से अंकित की तीखी बहस हुई थी।
इसके बाद वह जिम से बाहर निकले और अपनी गाड़ी में बैठ गए। इसी दौरान चारों हमलावर वहां पहुंचे और गाड़ी का गेट खोलकर पिस्टलों से अंकित पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। पांच गोलियां अंकित के शरीर में लगीं, जबकि कुछ गोलियां गाड़ी के शीशे पर लगीं। हमलावरों ने 20 से ज्यादा राउंड फायर किए और बाइक से फरार हो गए।
गोली लगने के बाद घायल अंकित गाड़ी से नीचे गिर गए। उनके परिचित उन्हें सीएचसी शामली लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
अंकित हत्याकांड में चार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
अंकित बालियान की हत्या के मामले में उनके पिता सतवीर सिंह ने शहर कोतवाली में तहरीर दी। इसमें बताया गया कि बाइक सवार चार हमलावरों ने उनके बेटे पर फायरिंग कर उसकी हत्या की।
जांच अधिकारी धर्मेंद्र गौतम ने बताया कि तहरीर के आधार पर अज्ञात चार बदमाशों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
बड़े भाई राजीव ने पुलिस की कार्यशैली पर उठाए सवाल
गांव बंतीखेड़ी निवासी अंकित बालियान की हत्या की जानकारी मिलने के बाद बृहस्पतिवार दोपहर उनके बड़े भाई राजीव बालियान गांव पहुंचे। राजीव राजस्थान के कोटा में रहकर मेडिकल की तैयारी कर रहे हैं। भाई की हत्या से दुखी राजीव ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए।
राजीव ने कहा कि उनकी दादी फूलमती की 25 साल पहले घर में घुसकर हत्या कर दी गई थी, लेकिन आज तक इंसाफ नहीं मिला। अब उनके भाई की बीच बाजार गोली मारकर हत्या कर दी गई। उन्होंने सवाल उठाया कि पुलिस कहां है और रामराज कहां है। उन्होंने कहा कि सरकार रामराज की बात करती है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.