उर्मिला सनावर के खिलाफ एक और मुकदमा दर्ज, महिला ने लगाए आपत्तिजनक पोस्ट के आरोप

HIGHLIGHTS
- महिला की तहरीर पर नेहरू कॉलोनी थाने में दर्ज हुई प्राथमिकी
- फेसबुक आईडी के जरिए आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने का आरोप
- महिला ने आत्महत्या के लिए उकसाने की बात भी कही
सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट और अपमानजनक टिप्पणी करने के आरोप में उर्मिला सनावर के खिलाफ नेहरू कॉलोनी थाने में एक और मुकदमा दर्ज किया गया है। एक महिला की शिकायत पर दर्ज प्राथमिकी में आरोप लगाया गया है कि उर्मिला सनावर अपनी फेसबुक आईडी के जरिए उसके खिलाफ अभद्र और आपत्तिजनक बातें लिख रही थीं। महिला का कहना है कि उसे आत्महत्या के लिए भी उकसाया जा रहा है।
महिला ने अपनी तहरीर में आरोप लगाया कि उर्मिला सनावर सोशल मीडिया के माध्यम से उसके खिलाफ लगातार आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित कर रही थीं। उर्मिला सनावर के खिलाफ उत्तराखंड के अलग-अलग थानों में पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। इनमें भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत कुमार गौतम की शिकायत पर दर्ज मामला भी शामिल है। नेहरू कॉलोनी थाने में ही आरती गौड़ की शिकायत पर उर्मिला के खिलाफ एक अन्य मुकदमा दर्ज है। आरती ने आरोप लगाया था कि उनका मोबाइल नंबर सार्वजनिक किए जाने के बाद अज्ञात लोगों की ओर से उन्हें धमकी भरे फोन आने लगे।
खुद को पूर्व विधायक सुरेश राठौर की पत्नी बताती हैं
उर्मिला सनावर नवंबर 2025 में सोशल मीडिया पर वीडियो जारी करने के बाद भी चर्चा में आई थीं। उस दौरान उन्होंने हरिद्वार की ज्वालापुर विधानसभा सीट से भाजपा के पूर्व विधायक सुरेश राठौर पर गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री से मदद की अपील भी की थी। सोशल मीडिया पर वह अपना नाम एक्ट्रेस उर्मिला सुरेश राठौर लिखती हैं और खुद को पूर्व विधायक सुरेश राठौर की पत्नी बताती हैं।
अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर सोशल मीडिया पर ऑडियो और वीडियो जारी करने के बाद भी उर्मिला सनावर सुर्खियों में रही थीं। उन्होंने कुछ सफेदपोश लोगों और राजनेताओं के मामले में शामिल होने के दावे किए थे। उनके बयानों और राजनीतिक आरोपों के बाद उत्तराखंड पुलिस की सात सदस्यीय एसआईटी ने उन्हें पूछताछ के लिए समन भेजा था।
जनवरी 2026 में देहरादून और हरिद्वार में उनसे कई घंटे तक पूछताछ की गई थी। इस दौरान उन्होंने अपने मोबाइल फोन में मौजूद रिकॉर्डिंग और अन्य तथ्यों को पुलिस को सौंपने की बात कही थी।
अब नेहरू कॉलोनी थाने में नया मुकदमा दर्ज होने के बाद उर्मिला सनावर की मुश्किलें फिर बढ़ गई हैं। पुलिस सोशल मीडिया पर की गई पोस्ट और उनसे जुड़े अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.