देवरिया-गोरखपुर में 24 नए पुलों को मंजूरी, 29.77 करोड़ रुपये होंगे खर्च

HIGHLIGHTS
- राज्य योजना (ग्रामीण) के तहत 24 परियोजनाओं को मंजूरी
- दोनों जिलों में परियोजनाओं पर 29.77 करोड़ रुपये होंगे खर्च
- वित्तीय वर्ष 2026-27 में काम शुरू कराने की तैयारी
देवरिया। ग्रामीण इलाकों में आवागमन और जलनिकासी की व्यवस्था को बेहतर करने के लिए शासन ने राज्य योजना (ग्रामीण) के तहत देवरिया और गोरखपुर में 24 लघु सेतुओं के निर्माण की स्वीकृति दी है।
इन परियोजनाओं पर कुल 29 करोड़ 77 लाख 53 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे। वित्तीय वर्ष 2026-27 में काम शुरू कराने के लिए पहली किस्त के तौर पर पांच करोड़ 95 लाख 54 हजार रुपये जारी किए गए हैं। लोक निर्माण विभाग अलग-अलग संपर्क मार्गों पर पुराने और क्षतिग्रस्त लघु सेतुओं की जगह नए सेतु, पुलिया और बाक्स कल्वर्ट का निर्माण कराएगा।
देवरिया में 10 परियोजनाओं को मंजूरी मिली है। इनकी कुल लागत करीब 13 करोड़ 73 लाख रुपये है। इनके लिए चालू वित्तीय वर्ष में करीब दो करोड़ 74 लाख 67 हजार रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है।
देवरिया में इन जगहों पर बनेंगे सेतु
नरसिंहडाड़-चक्कीमुसादोही के बीच जमुआर नाले पर बाक्स कल्वर्ट बनाया जाएगा। भलुअनी में मुसैला-भागलपुर मार्ग से लखना संपर्क मार्ग पर क्षतिग्रस्त पुलिया के स्थान पर बॉक्स कल्वर्ट का निर्माण होगा। बेलही-उधोपुर संपर्क मार्ग पर केरही नाले में क्षतिग्रस्त लघु सेतु की जगह बॉक्स कल्वर्ट के साथ पहुंच मार्ग और सुरक्षात्मक कार्य भी कराए जाएंगे।
बैतालपुर ब्लॉक के गुदरी संपर्क मार्ग पर क्षतिग्रस्त पुलिया के स्थान पर आरसीसी कल्वर्ट बनाया जाएगा। देसही देवरिया के रामपुर हिरामन चौराहा-मदरापाली भरतराय वाया शामी पट्टी मार्ग पर क्षतिग्रस्त पुल के स्थान पर नया लघु सेतु बनेगा।
पकड़ी वीरभद्र-गोपालपुर-नौतन हथियागढ़ मार्ग पर क्षतिग्रस्त पुल की जगह नया लघु सेतु बनाया जाएगा। नोनिया छापर-विशुनपुर खुर्द के बीच बरसाती नाले पर भी नए लघु सेतु का निर्माण कराया जाएगा।
इसके अलावा कमरिया से भरौली संपर्क मार्ग पर जर्जर आरसीसी पुलिया के स्थान पर नया लघु सेतु बनाया जाएगा। पिपरा बांध-पिपरा पाठक संपर्क मार्ग के बीच जमुआर नाले पर लघु सेतु के साथ पहुंच मार्ग का निर्माण भी कराया जाएगा।
गोरखपुर में 14 परियोजनाओं को मंजूरी
गोरखपुर में 14 स्थानों पर बॉक्स कल्वर्ट, आरसीसी पुलिया और लघु सेतु बनाए जाएंगे। इनमें कल्याणपुर, चिलवा दलित बस्ती-धौसहर बेलवाबारी, घोबौली-आशापुर, पिड़रा-बेलपार मठिया, उसरैन-इन्नाडीह-भरहिया-हुडरी, बिस्मिलहा-चकरामपुर, बजहा, छामूस्थान-घिराऊटोला शीतलपुर और भट्ठा चौराहा-छोटी रेतवईया समेत अन्य संपर्क मार्ग शामिल हैं।
पिपरौली विकासखंड के महुआडाबर-गोपालपुर-पड़रिया-सेवई, बुदहट बैजलपुर-सहिया प्रानपुर-चांदपुर और जिगिना फरसाडाड़ संपर्क मार्ग पर भी बाक्स कल्वर्ट और पहुंच मार्ग का निर्माण कराया जाएगा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.