18 दिन बाद डासना जेल से बाहर आए आजम खां, बेटों ने किया स्वागत; बोले- टाइगर इज बैक

HIGHLIGHTS
- करीब 18 दिनों बाद आजम खां डासना जेल से रिहा हुए।
- बुधवार शाम 6 बजकर 33 मिनट पर जेल से बाहर आए।
- दोनों बेटे मोहम्मद अब्दुल्ला आजम खां और मोहम्मद अदीब आजम खां उन्हें लेने पहुंचे।
करीब 18 दिनों बाद समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खां गाजियाबाद की डासना जेल से बाहर आ गए। उन्हें लेने के लिए उनके दोनों बेटे मोहम्मद अब्दुल्ला आजम खां और मोहम्मद अदीब आजम खां जेल पहुंचे थे। इस मौके पर मोहम्मद अदीब ने कहा, 'आज आजम खां के चाहने वालों के लिए बहुत खुशी का दिन है। आप यहां उनके शुभचिंतकों के चेहरों पर साफ खुशी देख सकते हैं। यह आजम खां का सम्मान करने वालों का जमावड़ा है। टाइगर इज बैक।'
मनी लॉन्ड्रिंग मामले में इलाहाबाद हाईकोर्ट से अंतरिम जमानत मिलने के बाद आजम खां को बुधवार शाम 6 बजकर 33 मिनट पर रिहा कर दिया गया। जेल के बाहर मौजूद सैकड़ों समर्थकों की भीड़ से बचाते हुए उनकी गाड़ी को नाहल वाले रास्ते से बाहर निकाला गया। उन्हें जेल से डीएमई की ओर ले जाने के बजाय नाहल झाल वाले रास्ते से निकाला गया। इसके बाद वह नाहल झाल से एनएच-नौ के रास्ते रामपुर के लिए रवाना हो गए।
किस मामले में गिरफ्तार हुए थे आजम खां?
आजम खां को 17 नवंबर 2025 को दो पैन कार्ड से जुड़े मामले में रामपुर जेल भेजा गया था। इस मामले में जमानत मिलने के बाद 31 अक्तूबर 2026 को वह रामपुर जिला जेल से बाहर आए ही थे कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद ईडी उन्हें गाजियाबाद ले गई और वहां से डासना जेल भेज दिया गया। उनकी गिरफ्तारी जौहर विश्वविद्यालय और मौलाना मोहम्मद अली जौहर ट्रस्ट से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में हुई थी।
एक दिन पहले ही मिली थी अंतरिम जमानत
ईडी की गिरफ्तारी के खिलाफ आजम खां ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल की थी। पांच नवंबर को सुप्रीम कोर्ट ने उनकी याचिका इलाहाबाद हाईकोर्ट भेजते हुए अंतरिम राहत के मामले में जल्द फैसला लेने को कहा था। मंगलवार को सुनवाई के बाद हाईकोर्ट ने आजम खां को अंतरिम जमानत दे दी थी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.