आजम खां का बड़ा बयान, बोले- आजादी से बढ़कर कोई दौलत नहीं, बच्चों को जेल नहीं जाने देता

HIGHLIGHTS
- जेल से रिहाई के बाद सपा नेता आजम खां ने पहली बार प्रेस कॉन्फ्रेंस की।
- उत्तर प्रदेश में नफरत का एजेंडा फैलाने का आरोप लगाया।
- ईडी, सीबीआई और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।
जेल से बाहर आने के बाद समाजवादी पार्टी (सपा) के वरिष्ठ नेता आजम खां ने पहली बार प्रेस कॉन्फ्रेंस की और कई मुद्दों पर अपनी बात रखी। इस दौरान उन्होंने सरकार, जांच एजेंसियों और संवैधानिक संस्थाओं की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। आजम खां ने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में नफरत का एजेंडा फैलाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि संवैधानिक संस्थाओं को अपनी गरिमा बनाए रखने के लिए खुद प्रयास करना चाहिए और इस पर विचार करना चाहिए कि देश उनके बारे में क्या सोचता है। चुनाव आयोग का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इसकी वजह से दुनिया में बदनामी हुई है। आजम खां ने ईडी, विकास प्राधिकरण और सीबीआई जैसी एजेंसियों पर भी सवाल उठाए और कहा कि इनके कारण लोग दुखी और परेशान हैं।
अपनी संपत्ति और जौहर विश्वविद्यालय से जुड़े मामलों पर बात करते हुए आजम खां ने कहा कि उनके पास इस घर के अलावा कोई दूसरा मकान नहीं है। उन्होंने बताया कि 50 साल तक लखनऊ की राजनीति में रहने और चार बार मंत्री बनने के बावजूद उनके पास दूसरा घर नहीं है।
उन्होंने सवाल उठाया कि इसके बावजूद आयकर विभाग ने उनके खिलाफ कितना बड़ा हिसाब निकाल दिया। आजम खां ने दावा किया कि जौहर विश्वविद्यालय के भवन वर्ष 2004, 2005 और 2006 में ही बनकर तैयार हो गए थे। उस समय तक 90 प्रतिशत भवनों का निर्माण पूरा हो चुका था। उनके मुताबिक, आयकर विभाग ने गलत दरों के आधार पर आकलन किया। उन्होंने यह भी कहा कि जौहर विश्वविद्यालय के निर्माण के समय रामपुर विकास प्राधिकरण का गठन तक नहीं हुआ था।
बच्चों से बीड़ी बनवा लेता, लेकिन उन्हें जेल नहीं जाने देता
आजम खां ने कहा कि आजादी से बड़ी कोई दौलत नहीं होती। उन्होंने कहा कि वह अपने बच्चों से बीड़ी बनवा लेते, लेकिन उन्हें जेल नहीं जाने देते, भले ही इसके लिए उन्हें रिक्शा ही क्यों न चलाना पड़ता। उन्होंने अपने साथ हुए व्यवहार को अमानवीय बताया।
उन्होंने आरोप लगाया कि मानवाधिकार आयोग के नियमों का उल्लंघन किया गया और उनके साथ काफी ज्यादती हुई। अपने स्वास्थ्य और वजन का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि पहले उनका वजन 98 किलो था, जो अब घटकर 70 किलो रह गया है। आजम खां ने कहा कि उन पर चोरी, बेईमानी या कमीशन लेने का आरोप नहीं लगा, बल्कि उनसे मुर्गी, बकरी और भैंस चोरी करवाने जैसी बातें की गईं।
ईडी के साथ आई मुरादाबाद पुलिस ने पहुंचाई चोट
आजम खां ने आरोप लगाया कि ईडी की कार्रवाई के दौरान उनके साथ आई मुरादाबाद पुलिस ने उन्हें चोट पहुंचाई। उन्होंने अपने साथ किए गए व्यवहार को अमानवीय बताते हुए मानवाधिकारों के उल्लंघन का आरोप लगाया।
जाति और धर्म के आधार पर नहीं होगा अगला चुनाव
आगामी चुनाव को लेकर पूछे गए सवाल पर आजम खां ने कहा कि फिलहाल चुनाव में काफी समय बाकी है। उन्होंने दावा किया कि आने वाला कोई भी चुनाव जाति और धर्म के आधार पर नहीं होगा। उन्होंने कहा कि धर्म को धर्म वाले और मजहब को मजहब वाले ही नुकसान पहुंचा रहे हैं।
इस दौरान उन्होंने एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी का नाम लिए बिना उन पर भी निशाना साधा। आजम खां ने कहा कि वह बैरिस्टर हैं, मौलाना नहीं। इसके साथ ही हैदराबादी बिरयानी का जिक्र करते हुए कहा कि उनके इलाके में इसे पसंद नहीं किया जाता।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.