फिक्की सम्मेलन में पीएम मोदी का संबोधन, बोले- सही नीयत से 50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए

HIGHLIGHTS
- उन्होंने कहा कि उस दौर में नीतियों और नीयत दोनों में कमी रही।
- पीएम के मुताबिक, सही नीयत से काम होने पर 12-13 वर्षों में 50 करोड़ गरीब गरीबी से बाहर आए।
- प्रधानमंत्री ने लाइसेंस-कोटा राज और नेशनलाइजेशन के असफल प्रयोग का भी जिक्र किया।
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को राजधानी के भारत मंडपम में भारतीय वाणिज्य एवं उद्योग महासंघ (फिक्की) की वार्षिक महासभा और वार्षिक सम्मेलन का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने देश और विदेश से पहुंचे उद्योगपतियों तथा नीति निर्माताओं को संबोधित किया। कार्यक्रम में उद्योग जगत की कई प्रमुख हस्तियों ने भी हिस्सा लिया।
अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कहा कि 70 के दशक में जब देश में 'गरीबी हटाओ' का नारा दिया गया था, उस समय भारत की आबादी लगभग 50 करोड़ थी। उन्होंने कहा कि गरीबी उस दौर में भी दूर की जा सकती थी, लेकिन फिक्की इस बात का गवाह है कि तब नीतियों के साथ-साथ नीयत में भी कमी रही।
प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि फिक्की इस बदलाव का भी साक्षी है कि जब सही नीयत से काम किया गया और सरकार ने इसी सोच के साथ कदम बढ़ाए, तो महज 12-13 साल में 50 करोड़ गरीब लोग गरीबी से बाहर आ गए। यह इस बात को दर्शाता है कि आज भारत जिस रास्ते पर आगे बढ़ रहा है, वह सही दिशा है और इसमें देश की सफलता की गारंटी है।
पीएम मोदी ने कहा कि पिछले 100 वर्षों के दौरान भारतीय अर्थव्यवस्था ने कई तरह के दौर देखे हैं। देश ने लाइसेंस-कोटा राज का अनुभव किया, नेशनलाइजेशन का असफल प्रयोग भी देखा और फिर 21वीं सदी में एक ऐसा समय आया, जब भारतीय अर्थव्यवस्था को 'फ्रेजाइल फाइव' की श्रेणी में रखा जाने लगा।
उन्होंने कहा कि बीते 12 वर्षों में देश के लोगों ने कड़ी मेहनत करके इस स्थिति को बदला है। इसमें युवाओं, किसानों, श्रमिकों और उद्योग जगत से जुड़े सभी लोगों का योगदान रहा है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज भारत में विकास की रफ्तार काफी तेज है और इसी के साथ गरीबी से बाहर निकलने की गति भी बढ़ी है। वर्ल्ड बैंक की हालिया रिपोर्ट सभी देशवासियों को गर्व महसूस कराने वाली है। इस रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले 12-13 वर्षों में भारत के 50 करोड़ लोगों ने गरीबी को मात दी है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.