इंस्टाग्राम पर अब कम दिखेगा अश्लील और हिंसक कंटेंट, मेटा ने बदला एल्गोरिदम

HIGHLIGHTS
- भारत सरकार के सुझावों के बाद मेटा ने इंस्टाग्राम के कंटेंट एल्गोरिदम में बदलाव किए हैं।
- अब इंस्टाग्राम पर अश्लील और हिंसक कंटेंट कम दिखाई देगा।
- बदलाव उन अकाउंट्स की पोस्ट पर लागू होंगे जिन्हें यूजर फॉलो नहीं करते।
नई दिल्ली। भारत सरकार के सुझावों के बाद मेटा ने अपने कंटेंट एल्गोरिदम में बदलाव किए हैं। इसके तहत अब इंस्टाग्राम पर अश्लील और हिंसक सामग्री कम दिखाई देगी। भारत सरकार की ओर से मेटा को अपने कंटेंट सिस्टम की समीक्षा करने के लिए कहे जाने के करीब एक महीने बाद ये बदलाव किए गए हैं।
मेटा के मुताबिक, अब इंस्टाग्राम फीड में भड़काऊ और हिंसक कंटेंट कम नजर आएगा। ये बदलाव उन अकाउंट्स की पोस्ट पर लागू होंगे जिन्हें यूजर फॉलो नहीं करते हैं। इसमें रील्स और मेन फीड, दोनों शामिल हैं।
इंस्टाग्राम पर कम दिखाई देगा अश्लील कंटेंट
मेटा ने स्पष्ट किया है कि ये बदलाव उन अकाउंट्स की पोस्ट पर लागू होंगे, जिन्हें यूजर फॉलो नहीं करते। इसमें रील्स के साथ-साथ मेन फीड भी शामिल है। इंस्टाग्राम के नियमों का पालन करने वाली पोस्ट प्लेटफॉर्म पर मौजूद रहेंगी, भले ही उन्हें यूजर्स को रिकमेंड न किया जाए।
कंपनी ने बताया कि यूजर्स से मिले फीडबैक के आधार पर पिछले एक साल में डिफॉल्ट सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है। इंस्टाग्राम पर किसी पोस्ट को रिकमेंड करने से पहले उसका आकलन करने के लिए AI मॉडल का इस्तेमाल किया जाता है।
IT मंत्रालय ने मेटा को दिया था सुझाव
भारत में अश्लील कंटेंट की बेहतर पहचान करने के लिए कंपनी ने अपने सिस्टम को और बेहतर बनाया है। मेटा ने एक ब्लॉग पोस्ट में कहा, 'हमने देखा है कि एक साल पहले की तुलना में अब लोग रिकमेंड किए गए कंटेंट की रिपोर्ट लगभग आधी बार ही कर रहे हैं।'
हालांकि, कंपनी ने इससे संबंधित सटीक आंकड़े साझा नहीं किए हैं। 10 अक्टूबर को जारी एडवाइजरी में IT मंत्रालय ने मेटा से यह समीक्षा करने को कहा था कि उसके प्लेटफॉर्म पर पोस्ट को किस तरह रैंक और रिकमेंड किया जाता है।
मंत्रालय ने आशंका जताई थी कि मेटा के सिस्टम भ्रामक, छेड़छाड़ किए गए या संदर्भ से हटाकर पेश किए गए कंटेंट को जरूरत से ज्यादा प्राथमिकता दे सकते हैं।
इसके अलावा, मंत्रालय ने ऐसी पोस्ट पर सख्त निगरानी रखने की बात कही थी, जिनसे हिंसा भड़कने या सार्वजनिक व्यवस्था (पब्लिक ऑर्डर) बिगड़ने की आशंका हो।
यूजर्स को एक ही तरह का कंटेंट न दिखाने की सलाह
IT मंत्रालय ने मेटा से यह सुनिश्चित करने को कहा था कि यूजर्स को केवल कुछ सीमित तरह के नैरेटिव ही न दिखाए जाएं। साथ ही, मंत्रालय ने इस दिशा में उठाए गए कदमों की जानकारी भी मांगी थी।
हालांकि, मेटा ने इंस्टाग्राम में किए गए बदलावों को मंत्रालय की इस सलाह से नहीं जोड़ा है। कंपनी ने यह भी स्पष्ट नहीं किया कि भारत की घटनाओं से जुड़ी पोस्ट को दोनों प्लेटफॉर्म पर रिकमेंड करने के तरीके में कोई बदलाव किया गया है या नहीं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.