सहारनपुर के बाद बिजनौर की मस्जिद में कुएं की शिकायत, पुलिस ने की जांच

HIGHLIGHTS
- रसूलपुर जागन उर्फ लक्खुवाला के ग्रामीणों ने एसपी से शिकायत की।
- शिकायत में बनखला गांव की मस्जिद से जुड़ा मामला उठाया गया।
- ग्रामीणों ने मस्जिद निर्माण के दौरान कुएं को परिसर में शामिल करने का आरोप लगाया।
सहारनपुर में मस्जिद के नीचे कुआं मिलने के बाद मामला गरमाया हुआ है। इसी बीच अब बिजनौर के बनखला गांव की मस्जिद के अंदर कुआं होने की शिकायत एसपी से की गई है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस कुएं से जुड़ी जानकारी जुटाने के लिए गांव पहुंची।
रसूलपुर जागन उर्फ लक्खुवाला के वार्ड सदस्य आलोक सिंह समेत कई ग्रामीणों ने सोमवार को एसपी केके बिश्नोई से मुलाकात की। उन्होंने पंचायत के बनखला गांव में कई साल पहले कुएं पर अवैध कब्जा कर मस्जिद का निर्माण कराने की शिकायत की। शिकायत पत्र में ग्रामीणों ने बताया कि मस्जिद कमेटी ने निर्माण के दौरान कुएं को मस्जिद परिसर के अंदर शामिल कर लिया था। इसके ऊपर नमाज अदा करने वालों के लिए शौचालय और बाथरूम भी बनवा दिया गया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि शौचालय का मल-मूत्र इसी कुएं में जा रहा है।
शिकायतकर्ताओं ने कुएं पर बनाए गए शौचालय और बाथरूम को हटाने के साथ ही कुएं को कब्जामुक्त कराने की मांग की है। एसपी ने मामले की जांच कोतवाली देहात पुलिस को सौंप दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है। सोमवार देर शाम थानाध्यक्ष सुनील सहरावत और हल्का इंचार्ज परशुराम सिंह पुलिस टीम के साथ गांव पहुंचे और निर्माण की स्थिति के बारे में जानकारी जुटाई।
थानाध्यक्ष सुनील सहरावत ने बताया कि मस्जिद परिसर की जांच की गई है। प्रथम दृष्टया मस्जिद परिसर में कोई कुआं नजर नहीं आया। मामले की रिपोर्ट एसडीएम को सौंपी जाएगी और राजस्व विभाग से भी जांच कराई जाएगी। वहीं, सीओ नगीना राजेश सोलंकी ने बताया कि उन्हें अभी इस मामले की जानकारी नहीं है। इस संबंध में थाना पुलिस से बात की जाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.