बिजनौर में कमलनाथ की 26 बीघा जमीन हड़पने की साजिश का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

HIGHLIGHTS
- मामला नजीबाबाद तहसील के अमीखानपुर गांव की जमीन से जुड़ा है।
- कमलनाथ की ओर से 18 मई 2026 को विरासत दर्ज कराने के लिए आवेदन किया गया था।
- तहसीलदार कोर्ट में जमीन को लेकर धर्मपाल बनाम ग्राम सभा का वाद चल रहा था।
बिजनौर। नजीबाबाद तहसील में मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ की 26 बीघा जमीन को हड़पने की कथित साजिश का पुलिस ने खुलासा किया है। कमलनाथ की शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच की, जिसमें पूरा मामला सामने आया। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं, हल्का लेखपाल समेत दो अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
बताया गया है कि लेखपाल ने अपनी रिपोर्ट में एक आरोपी को संबंधित जमीन का काश्तकार दर्शाया था।
एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई के मुताबिक, मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा निवासी पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ की तहरीर पर नजीबाबाद थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। शिकायत में बताया गया कि उनके पिता स्वर्गीय महेंद्रनाथ की नजीबाबाद के गांव अमीखानपुर में खेती की जमीन है। कमलनाथ की ओर से 18 मई 2026 को नजीबाबाद तहसीलदार न्यायालय में विरासत दर्ज कराने के लिए आवेदन किया गया था।
इस पर लेखपाल ने उक्त जमीन को अन्य वाद के तहत भूमि विवादित बताते हुए अपनी रिपोर्ट भेज दी। जांच में पता चला कि नजीबाबाद तहसीलदार की अदालत में इस जमीन को लेकर धर्मपाल बनाम ग्राम सभा का वाद चल रहा है। इस मामले में धर्मपाल सिंह की ओर से एक ऐसी वसीयत दाखिल की गई, जो फर्जी बताई गई है और पंजीकृत भी नहीं है।
इसके अलावा कमलनाथ के पिता महेंद्र नाथ का मृत्यु प्रमाण पत्र भी दाखिल किया गया था। यह प्रमाण पत्र नजीबाबाद से 10 अप्रैल 2003 को जारी हुआ था, जबकि शिकायत के अनुसार उनके पिता की मृत्यु 7 सितंबर 2004 को दिल्ली में हुई थी।
आरोप है कि धर्मपाल सिंह निवासी महावतपुर, जसबिंदर सिंह ढिल्लो, नजीबाबाद निवासी विजय शंकर पांडेय और हल्का लेखपाल डेविड कुमार ने साजिश रचकर धोखाधड़ी की। आरोपियों पर जमीन को फर्जी तरीके से अपने नाम कराने और बाद में बेचने की कोशिश का आरोप लगाया गया है।
दो आरोपी गिरफ्तार, दो की तलाश
पुलिस ने धर्मपाल सिंह और विजय शंकर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी विजय शंकर ने कथित तौर पर फर्जी वसीयत टाइप की थी। वहीं, बाकी दो आरोपियों की तलाश की जा रही है।
प्रेस वार्ता के दौरान एएसपी देहात गौतम राय, सीओ नजीबाबाद और नजीबाबाद कोतवाल अमित कुमार भी मौजूद रहे।
बटाई पर दी गई थी जमीन
पुलिस के अनुसार, पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ की अमीखानपुर मौजा में 90 बीघा जमीन है, जिसे बटाई पर दिया गया था। लंबे समय से जमीन को देखने के लिए भी कोई नहीं आया था। इसी का फायदा उठाकर 26 बीघा जमीन हड़पने का कथित ताना-बाना बुना गया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.