बिजनौर में 391 मस्जिद और 214 मंदिरों से उतारे गए लाउडस्पीकर, दो दिन और चलेगा अभियान

HIGHLIGHTS
- बिजनौर में 622 धार्मिक स्थलों से लाउडस्पीकर हटाए गए।
- कार्रवाई में 391 मस्जिद और 214 मंदिर शामिल हैं।
- 17 गुरुद्वारों से भी लाउडस्पीकर उतारे गए।
बिजनौर। जिले में ध्वनि प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए लाउडस्पीकर हटाने का अभियान जारी है। इसी अभियान के तहत अब तक 622 धार्मिक स्थलों से लाउडस्पीकर उतारे जा चुके हैं। इनमें 391 मस्जिद, 214 मंदिर और 17 गुरुद्वारे शामिल हैं। अभियान अभी दो दिन और जारी रहेगा।
बृहस्पतिवार को जिले में लाउडस्पीकर हटाने की कार्रवाई और तेज हो गई। पुलिस की टीमें मस्जिदों और मंदिरों में पहुंचीं और कमेटी के लोगों से अनुरोध करते हुए लाउडस्पीकर उतरवा दिए। इससे पहले डीएम जसजीत कौर और एसपी केके विश्नोई जेल के निरीक्षण के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान जेल में अचानक अजान की आवाज सुनाई दी।
एसपी ने जब आवाज आने के स्थान के बारे में पूछा तो पता चला कि जेल के पीछे कुम्हारों वाली मस्जिद है। इसके बाद पुलिस तत्काल मस्जिद पहुंची और सबसे पहले वहीं से लाउडस्पीकर उतरवाए गए। पुलिस ने ध्वनि प्रसारण को लेकर कोर्ट के आदेशों का भी हवाला दिया। इसके बाद कार्रवाई का दायरा बढ़ाते हुए अभियान चलाया गया।
बृहस्पतिवार शाम तक जिले में 391 मस्जिद, 214 मंदिर और 17 गुरुद्वारों से लाउडस्पीकर हटाए जा चुके थे। एसपी केके विश्नोई ने बताया कि शासन से मिले निर्देशों और कोर्ट के आदेशों के तहत यह अभियान चलाया जा रहा है। धार्मिक स्थल के परिसर से अजान या भजन की आवाज बाहर नहीं जानी चाहिए।
हीमपुर दीपा
बृहस्पतिवार तक क्षेत्र की मस्जिदों से 89 लाउडस्पीकर उतरवाए जा चुके हैं। पुलिस के मुताबिक लाउडस्पीकर हटाकर ध्वनि प्रदूषण को नियंत्रित किया जा रहा है।
नींदड़ू
पाडली मांडू की नूरानी और जामा मस्जिद में चार-चार लाउडस्पीकर लगे हुए थे। इनमें से अतिरिक्त लगाए गए तीन-तीन स्पीकर हटाए गए। नींदड़ू खास में सादात मस्जिद से दो, जामा मस्जिद और इब्राहीम मस्जिद से एक-एक, बाजीदपुर की अबुबक्र मस्जिद से एक तथा अंथाई शेख की मेराज मस्जिद से एक अतिरिक्त लाउडस्पीकर हटाया गया। बाकी मस्जिदों में एक-एक लाउडस्पीकर लगा मिला।
धामपुर
धामपुर थाना क्षेत्र में 12 से अधिक धार्मिक स्थलों से लाउडस्पीकर उतारे जा चुके हैं। सभी धार्मिक स्थलों की कमेटी के लोगों को सलाह दी गई है कि जहां एक से अधिक लाउडस्पीकर लगे हैं, उन्हें तुरंत हटा लें। ऐसा नहीं करने पर पुलिस अधिकारियों की ओर से अभियान के तहत लाउडस्पीकर हटवाए जाएंगे।
किरतपुर
पुलिस ने धार्मिक स्थलों से करीब 32 लाउडस्पीकर उतरवाए हैं। पुलिस की यह कार्रवाई शुक्रवार को भी जारी रहेगी। थाना प्रभारी पुष्पेंद्र कुमार ने बताया कि शासन के निर्देशों के अनुसार धार्मिक स्थलों पर बिना अनुमति लगाए गए लाउडस्पीकर हटवाए जा रहे हैं।
चांदपुर
सीओ देश दीपक सिंह ने बताया कि चांदपुर सर्किल के चार थाना क्षेत्रों में अब तक 335 लाउडस्पीकर उतारे जा चुके हैं। इनमें चांदपुर थाना क्षेत्र से 84, नूरपुर थाना क्षेत्र से 101, हीमपुर दीपा थाना क्षेत्र से 91 और शिवाला कला थाना क्षेत्र से 59 लाउडस्पीकर हटाए गए हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.