बिजनौर: भाजपा विधायक सुशांत सिंह पर तीन युवकों की पिटाई का आरोप, एक अस्पताल में भर्ती

HIGHLIGHTS
- बढ़ापुर से भाजपा विधायक सुशांत सिंह पर तीन युवकों की पिटाई का आरोप।
- घर से सोने का कंगन गायब होने के बाद पूछताछ किए जाने की बात सामने आई।
- रामू कश्यप को गंभीर हालत में काशीपुर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
बिजनौर: पूर्व सांसद सर्वेश सिंह के बेटे और बढ़ापुर से भाजपा विधायक सुशांत सिंह पर अपने रतूपुरा स्थित आवास पर तीन युवकों को बांधकर बेरहमी से पीटने का आरोप लगा है। बताया जा रहा है कि विधायक के घर से सोने का कंगन गायब होने के बाद कर्मचारियों ने उसकी तलाश शुरू की और घर में काम करने वालों से पूछताछ की। इसी दौरान अतुल कश्यप और लवीश कश्यप की कथित तौर पर पिटाई की गई। इसके बाद रामू कश्यप को भी विधायक के लोगों द्वारा ले जाकर पीटने का आरोप है।
लगातार पिटाई के बाद रामू कश्यप की हालत बिगड़ गई, जिसके बाद उसे काशीपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं, अतुल और लवीश का इलाज स्थानीय अस्पताल में चल रहा है। परिजनों का आरोप है कि शिकायत देने के बावजूद पुलिस ने अब तक रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।
रस्सी से बांधकर उल्टा लटकाने और करंट लगाने का आरोप
डिलारी कस्बे के शांति कुंज निवासी ओमवती ने ठाकुरद्वारा थाने में शिकायत देकर बताया कि बुधवार, 7 अक्टूबर को उनके बेटे रामू कश्यप को बढ़ापुर विधायक सुशांत सिंह के सहायक अर्जुन कुमार घर से बुलाकर ठाकुरद्वारा के रतूपुरा स्थित विधायक के आवास पर ले गए थे।
ओमवती के मुताबिक, वहां पहले से डिलारी निवासी लवीश और अतुल मौजूद थे। आरोप है कि विधायक और उनके सहायक बबलू, उदयपाल, देवेंद्र, अर्जुन, अजय सहित कुछ अन्य लोगों ने तीनों युवकों को रस्सी से बांधकर उल्टा लटकाया और बेरहमी से पिटाई की। महिला ने आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान युवकों के शरीर पर जख्म हो गए और उन्हें करंट भी लगाया गया।
शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप
ओमवती का कहना है कि घटना की जानकारी मिलने के बाद वह अपने पति और अन्य परिजनों के साथ बृहस्पतिवार, 8 अक्टूबर को विधायक के आवास पहुंचीं। महिला के आरोप के मुताबिक, वहां मौजूद लोगों ने शिकायत करने पर उन्हें और उनके बच्चों को जान से मारने की धमकी दी।
ओमवती ने बताया कि गंभीर पिटाई और करंट लगाए जाने के बाद रामू की हालत बिगड़ गई। उसे पहले रतूपुरा के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन स्थिति गंभीर होने पर काशीपुर के निजी अस्पताल में ले जाया गया।
महिला ने यह भी आरोप लगाया कि ठाकुरद्वारा थाने में दो दिन पहले तहरीर देने के बावजूद पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।
आरोपों पर विधायक ने टिप्पणी करने से किया इन्कार
रामू की मां ओमवती द्वारा लगाए गए आरोपों पर विधायक सुशांत सिंह का पक्ष जानने के लिए उनके मोबाइल फोन पर दो बार संपर्क किया गया। दोनों बार फोन उठाने वाले व्यक्ति ने बताया कि विधायक दूसरी गाड़ी में हैं और गाड़ी रुकने पर उनसे बात कराई जाएगी। बाद में विधायक ने मामले पर कुछ भी कहने से इन्कार कर दिया।
सीओ ठाकुरद्वारा कर रहे मामले की जांच
एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह ने बताया कि जानकारी मिली है कि कुछ लोग रामू को अपने साथ विधायक के आवास पर ले गए थे। वहां उसकी पिटाई किए जाने का आरोप है। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जांच सीओ ठाकुरद्वारा कर रहे हैं। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.