बिजनौर में गंगा में डूबा नजीबाबाद का परिवार, 12 साल की बच्ची बची; महिला समेत 3 लापता

HIGHLIGHTS
- बिजनौर के नांगल सोती गंगा घाट पर स्नान के दौरान बड़ा हादसा हुआ।
- नजीबाबाद के मोहल्ला रम्पुरा का परिवार गंगा में स्नान करने पहुंचा था।
- परिवार के चार सदस्य नदी में डूब गए।
बिजनौर। जनपद के नांगल सोती गंगा घाट पर स्नान करते समय नजीबाबाद के एक परिवार के चार सदस्य नदी में डूब गए। इनमें 12 वर्षीय बालिका दिव्यानी को सुरक्षित बचा लिया गया, जबकि एक महिला समेत तीन अन्य लोगों का अब तक कोई पता नहीं चल पाया है। घटना के बाद घाट पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। गोताखोरों की सहायता से गंगा में तलाश अभियान चलाया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक, नजीबाबाद के मोहल्ला रम्पुरा का परिवार दिन में करीब 12 बजे नांगल सोती गंगा घाट पर स्नान करने पहुंचा था। इसी दौरान 22 वर्षीय डॉली उर्फ गुड़िया पत्नी अरविंद कुमार, 17 वर्षीय सूरज उर्फ छोटू पुत्र राजू सैनी, 16 वर्षीय हर्षित पुत्र प्रमोद और 12 वर्षीय दिव्यानी पुत्री संजीव गंगा में डूब गए।
दिव्यानी को बचाया, तीन लोगों की तलाश जारी
घटना के दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने प्रयास कर बालिका दिव्यानी को बचा लिया। हालांकि, डॉली, सूरज और हर्षित का अभी तक पता नहीं चल सका है। तीनों की तलाश के लिए गोताखोरों को गंगा में उतारा गया है। बताया जा रहा है कि डूबने वाले चारों लोग आपस में रिश्तेदार हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही एएसपी सिटी डॉ. केजी सिंह, एडीएम अंशिका दीक्षित और एसडीएम प्रशांत वर्मा भी मौके पर पहुंच गए। अधिकारी राहत और तलाश अभियान की निगरानी कर रहे हैं।
एनडीआरएफ टीम नहीं पहुंचने पर परिजनों में नाराजगी
हादसे के करीब तीन घंटे बीत जाने के बाद भी एनडीआरएफ या किसी अन्य विशेष टीम को तलाश अभियान में नहीं लगाए जाने से परिजनों में नाराजगी है। परिवार के लोग तीनों लापता सदस्यों की तलाश में तेजी लाने की मांग कर रहे हैं। फिलहाल गंगा में गोताखोरों की मदद से खोजबीन जारी है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.