भाजपा सौभाग्यशाली है कि हमारे साथ है: संजय निषाद

लखनऊ/अयोध्या। निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश सरकार में मत्स्य मंत्री डॉ. संजय निषाद सोमवार को अयोध्या पहुंचे। यहां उन्होंने मीडिया से बातचीत के दौरान भारतीय जनता पार्टी के साथ अपनी पार्टी के गठबंधन को लेकर खुलकर बयान दिए। उन्होंने कहा कि भाजपा और निषाद पार्टी का साथ दोनों के लिए सौभाग्य लेकर आया है।
संजय निषाद ने कहा कि उनकी पार्टी नाविक समाज का प्रतिनिधित्व करती है और राजनीति से पहले विश्वास और साथ की अहमियत होती है। उन्होंने कहा कि जिन्होंने पहले नाव में बैठकर भरोसा तोड़ा, उन्हें जनता पहचान चुकी है। अब भाजपा इस नाव में सवार है और उसके साथ आने के बाद दोनों दलों को लाभ मिला है।
राम मंदिर निर्माण के मुद्दे पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकारें पहले भी बनीं, लेकिन मंदिर निर्माण का कार्य तब आगे बढ़ा जब निषाद राज से जुड़े समाज की पार्टी भाजपा के साथ आई। उन्होंने अयोध्या के ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि यह त्रेता युग की पवित्र भूमि है, जहां भगवान राम और निषाद राज की मित्रता ने मर्यादा, प्रेम और समरसता का संदेश दिया था, जिससे रामराज्य की स्थापना हुई।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उसी सुख, शांति और समृद्धि के आदर्श को आज के दौर में साकार करने की दिशा में काम कर रहे हैं। संजय निषाद ने यह भी दावा किया कि एक बार धोखे से अयोध्या में जीत हासिल कर ली गई थी, लेकिन अब जनता पूरी तरह सजग है और ऐसी स्थिति दोबारा पैदा नहीं होगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.