लखनऊ के गोला बाजार में भीषण आग, ई-स्कूटी शोरूम की 8 स्कूटी जलकर राख

HIGHLIGHTS
- आग की लपटें पास की बर्तन की दुकान तक पहुंच गईं, जिससे वहां भी सामान जल गया।
- आग बुझाने के लिए छह दमकल गाड़ियों को मौके पर बुलाया गया।
- करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद अग्निशमनकर्मियों ने आग पर काबू पाया।
लखनऊ। कैंट क्षेत्र के सदर गोला बाजार में बुधवार रात ई-स्कूटी के शोरूम और बर्तन की दुकान में भीषण आग लग गई। अग्निशमन विभाग की टीम ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक शोरूम में खड़ी आठ ई-स्कूटी और बर्तन की दुकान में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो चुका था। राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के मुताबिक, छोटी लालकुर्ती निवासी सरला यादव का गोला बाजार में ई-स्कूटी का शोरूम है। बुधवार रात करीब सवा आठ बजे शोरूम में आग लग गई। कर्मचारियों ने तुरंत पुलिस और अग्निशमन विभाग को इसकी सूचना दी।
सूचना मिलने के करीब 20 मिनट बाद अग्निशमनकर्मी तीन गाड़ियों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उस समय तक आग काफी फैल चुकी थी। शोरूम से उठ रही लपटें पास की बर्तन की दुकान तक पहुंच गईं, जिससे वहां भी आग लग गई।
आग की गंभीरता को देखते हुए अग्निशमन विभाग ने तीन और गाड़ियां मौके पर बुला लीं। इसके बाद अग्निशमनकर्मियों ने आग बुझाने का अभियान शुरू किया। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। इस दौरान शोरूम में खड़ी आठ ई-स्कूटी और बर्तन की दुकान में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर नष्ट हो गया।
आग लगने से बाजार में मची अफरा-तफरी, बिजली काटी गई
घटना के समय बाजार में काफी भीड़ मौजूद थी। शोरूम में आग लगते ही आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। दुकानदारों ने घटना की सूचना विद्युत निगम को भी दी, जिसके बाद क्षेत्र की बिजली काट दी गई। आग फैलने की आशंका के बीच आसपास के दुकानदार अपनी-अपनी दुकानों को सुरक्षित करने में जुट गए।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी अंकुश मित्तल ने बताया कि ई-स्कूटी के शोरूम में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट थी। उन्होंने बताया कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.