‘मां से पूछो...’, CM विजय पर BJP प्रदेश अध्यक्ष की टिप्पणी से विवाद

HIGHLIGHTS
- तमिलनाडु BJP अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन की CM विजय की मां को लेकर की गई टिप्पणी पर विवाद खड़ा हो गया।
- नागेंद्रन विधानसभा में CM विजय के ‘पिताजी कहां हैं?’ वाले बयान का जवाब दे रहे थे।
- नागेंद्रन की टिप्पणी पर BJP के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष के अन्नामलाई ने नाराजगी जताई।
तमिलनाडु में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन की मुख्यमंत्री विजय की मां को लेकर की गई टिप्पणी पर विवाद बढ़ गया है। एक प्रेस कांफ्रेंस के दौरान नागेंद्रन मुख्यमंत्री विजय की उस टिप्पणी का जवाब दे रहे थे, जिसमें उन्होंने अपने विरोधियों से ‘आपके पिता कहां हैं?’ सवाल किया था। इसी दौरान उन्होंने विजय की मां को लेकर अभद्र टिप्पणी कर दी। अब भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष के अन्नामलाई और भाजपा नेता खुशबू सुंदर ने अपनी ही पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष के बयान पर नाराजगी जताई है।
क्या है पूरा विवाद?
दरअसल, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय विधानसभा में बार-बार ‘पिताजी कहां हैं? पिताजी कहां हैं?’ के नारे लगाए जाने का जिक्र कर रहे थे। इसी का जवाब देते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन ने कहा कि अगर विधानसभा में बार-बार यह पूछा जाएगा कि ‘पिताजी कहां हैं? पिताजी कहां हैं?’, तो उन्हें कैसे पता होगा।
नागेंद्रन ने कहा कि इसके लिए घर जाकर अपनी मां से पूछना चाहिए कि पिता कहां हैं। उन्होंने यह भी कहा कि पिता को विधानसभा में ढूंढ़ने का कोई मतलब नहीं है और किसी को इसके बारे में क्या पता।
नागेंद्रन की इस टिप्पणी के बाद विवाद खड़ा हो गया।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पर बरसे अन्नामलाई
तमिलनाडु भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष के अन्नामलाई ने नैनार नागेंद्रन के बयान की आलोचना की। उन्होंने मुख्यमंत्री विजय की मां को लेकर की गई अपमानजनक टिप्पणी पर नाराजगी जताते हुए एक्स पर अपनी प्रतिक्रिया दी।
अन्नामलाई ने लिखा कि तमिलनाडु की राजनीति में लगातार अभद्र भाषा का इस्तेमाल होना बेहद निंदनीय है। उन्होंने कहा कि डीएमके नेता उदयनिधि स्टालिन के बाद अब तमिलनाडु भाजपा अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन ने मुख्यमंत्री विजय की मां को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की है। अन्नामलाई ने इसे बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और राजनीतिक मर्यादा के खिलाफ बताया।
उन्होंने आगे कहा कि राजनीति में रहने वाले लोगों को अपने शब्दों और व्यवहार की जिम्मेदारी समझनी चाहिए। मतभेद होना स्वाभाविक है, नीतियों की आलोचना की जा सकती है और सरकार के कामकाज पर सवाल भी उठाए जा सकते हैं। लेकिन किसी के परिवार, विशेषकर उसकी मां के बारे में अपमानजनक टिप्पणी किसी भी तरह स्वीकार्य नहीं है।
अन्नामलाई ने कहा कि इस तरह की घटिया बयानबाजी उस राजनीति की याद दिलाती है, जो 30-40 साल पहले ही खत्म हो जानी चाहिए थी। उन्होंने कहा कि तमिलनाडु के युवाओं और बच्चों को इस तरह की निम्न स्तर की राजनीति नहीं सिखाई जानी चाहिए।
खुशबू सुंदर ने भी अपनी पार्टी के नेता को घेरा
भाजपा नेता खुशबू सुंदर ने भी एक्स पर पोस्ट कर नैनार नागेंद्रन की टिप्पणी की आलोचना की। उन्होंने लिखा कि भाजपा के राज्य अध्यक्ष थिरु नैनार नागेंद्रन द्वारा तमिलनाडु के मुख्यमंत्री की मां के बारे में की गई अभद्र टिप्पणी घिनौनी है और ऐसी बातें किसी भी मंच पर स्वीकार्य नहीं हैं।
खुशबू सुंदर ने कहा कि उनके नेता और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हमेशा ‘नारी शक्ति’ की बात की है और महिलाओं का सम्मान किया है। उन्होंने ऐसी टिप्पणियों को बेहद घटिया और शर्मनाक बताया।
उन्होंने लिखा कि आज यह सुनकर वह स्तब्ध और निराश हैं। पार्टी से सवाल पूछिए, लोगों के लिए आवाज उठाइए और अगर सरकार काम न कर पाए तो उस पर हमला कीजिए, लेकिन अपनी बात रखने के लिए कभी भी किसी महिला का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए।
खुशबू सुंदर ने कहा कि महिलाएं राजनीति के खेल में मोहरे नहीं होतीं। उन्होंने कहा कि हर पार्टी, पार्टी के हर सदस्य और हर पुरुष को किसी महिला का अपमान करने से पहले सोचना चाहिए। उन्होंने याद दिलाया कि हर व्यक्ति इस दुनिया में एक महिला और एक मां की वजह से ही है।
उन्होंने कहा कि एक मां का यह अपमान दुखद और पीड़ादायक है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.