जम्मू में सेना के वरिष्ठ अधिकारी की पत्नी पर जासूसी के आरोप, मामला दर्ज

HIGHLIGHTS
- संवेदनशील दस्तावेज, तस्वीरें और इलेक्ट्रानिक डाटा जुटाने का आरोप है।
- एन्क्रिप्टेड ऑनलाइन माध्यमों से जानकारी भेजे जाने का संदेह जताया गया है।
- पुलिस विदेशी संपर्कों और संभावित खुफिया नेटवर्क की भूमिका की जांच कर रही है।
जम्मू। जम्मू में सेना के एक वरिष्ठ अधिकारी की पत्नी के खिलाफ विदेशी खुफिया एजेंसियों के संपर्क में रहने और देश की सुरक्षा से जुड़ी संवेदनशील जानकारी साझा करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। इस संबंध में गांधी नगर पुलिस थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
आरोपित महिला की पहचान तेलंगाना के सिकंदराबाद निवासी पलपार्थी नागा अनघा लक्ष्मी के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, महिला सतवारी सैन्य क्षेत्र में आई हुई थी।
गांधी नगर थाने में विभिन्न धाराओं के तहत केस
पुलिस ने मामले में आफिशियल सीक्रेट्स एक्ट के साथ-साथ डिजिटल और इलेक्ट्रानिक माध्यमों से देश की महत्वपूर्ण जानकारी लीक करने तथा षड्यंत्र में शामिल होने के आरोपों के तहत मामला दर्ज किया है।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, विश्वसनीय सूचना मिलने के बाद महिला की गतिविधियां संदेह के दायरे में आ गईं। आरोप है कि वह देश की सुरक्षा से जुड़े संवेदनशील दस्तावेज, तस्वीरें और इलेक्ट्रानिक डाटा जुटाने, उन्हें अपने पास रखने और आगे भेजने में शामिल थी।
चीन समेत विदेशी खुफिया एजेंसियों तक जानकारी पहुंचाने का संदेह
आशंका जताई गई है कि संवेदनशील जानकारी एन्क्रिप्टेड ऑनलाइन संचार माध्यमों के जरिए चीन सहित अन्य विदेशी देशों से जुड़ी खुफिया एजेंसियों के लोगों तक पहुंचाई जा रही थी।
हालांकि, पुलिस ने अब तक यह स्पष्ट नहीं किया है कि कौन से दस्तावेज या जानकारियां साझा की गईं, विदेशी संपर्कों की पहचान क्या है और कितनी जानकारी स्थानांतरित हुई। मामले में किसी विदेशी खुफिया नेटवर्क की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
आरोपों की पड़ताल में जुटी पुलिस
जम्मू-कश्मीर की रणनीतिक संवेदनशीलता को देखते हुए इस मामले को सुरक्षा के लिहाज से अहम माना जा रहा है। जांच के दौरान यह पता लगाने की कोशिश की जाएगी कि क्या आरोपित महिला की पहुंच किसी गोपनीय दस्तावेज या इलेक्ट्रानिक रिकॉर्ड तक थी और क्या वास्तव में कोई संवेदनशील जानकारी विदेशी एजेंसियों को भेजी गई।
पुलिस ने अभी तक बरामदगी, तलाशी या गिरफ्तारी के संबंध में विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की है। फिलहाल महिला के खिलाफ लगाए गए आरोपों की जांच जारी है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.