बागपत में दिवाली पर पटाखे चलाने को लेकर विवाद, राष्ट्रपति अंगरक्षक को मारी गोली

HIGHLIGHTS
- पी के बागपत के गोपालपुर खड़ाना गांव में दिवाली की रात पटाखे चलाने को लेकर विवाद हुआ।
- आरोप है कि पड़ोसी धीरज ने राष्ट्रपति अंगरक्षक सौरभ के सिर में गोली मार दी।
- सौरभ वर्ष 2021 में राष्ट्रपति अंगरक्षक भर्ती हुए थे और राष्ट्रपति भवन में तैनात हैं।
उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के गोपालपुर खड़ाना गांव में दिवाली की रात पटाखे चलाने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि पड़ोसी ने राष्ट्रपति अंगरक्षक सौरभ के सिर में गोली मार दी। इसके बाद उनके भाई विनीत और मिंटू के साथ मारपीट कर उन्हें घायल कर दिया। सौरभ का मेरठ के एक निजी अस्पताल में ऑपरेशन किया गया, जहां डॉक्टरों ने उनके सिर में फंसी गोली निकाल दी। फिलहाल वह आईसीयू में भर्ती हैं और उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
राष्ट्रपति भवन में तैनात हैं सौरभ
गोपालपुर खड़ाना निवासी जनकराज ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनका बेटा सौरभ वर्ष 2021 में राष्ट्रपति अंगरक्षक के पद पर भर्ती हुआ था। वर्तमान में उसकी तैनाती राष्ट्रपति भवन में है। दिवाली मनाने के लिए सौरभ दो दिन पहले छुट्टी लेकर घर आया था।
रविवार रात वह अपने भाई विनीत और मिंटू के साथ घर के बाहर गली में पटाखे चला रहा था। इसी दौरान वहां धीरज और मोनू उर्फ प्रवीण पहुंच गए। आरोप है कि दोनों ने गली में पटाखे चलाने को लेकर गाली-गलौज शुरू कर दी और मारपीट करने लगे।
कान के पीछे सिर में लगी गोली
जनकराज ने आरोप लगाया कि विवाद के दौरान धीरज ने तमंचा निकालकर गोली चला दी। गोली पहले दीवार से टकराई और फिर सौरभ के सिर में जा लगी। गोली उनके कान के पीछे धंस गई, जिससे वह जमीन पर गिर पड़े।
इसका विरोध करने पर आरोपियों ने सौरभ के भाई विनीत और मिंटू की भी पिटाई कर दी। इसके बाद जान से मारने की धमकी देते हुए दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
घायल सौरभ को पहले बड़ौत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया। वहां से उन्हें मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया, लेकिन परिजन उन्हें एक निजी अस्पताल में ले गए।
निजी अस्पताल में ऑपरेशन, आईसीयू में भर्ती
मेरठ के निजी अस्पताल में डॉक्टरों ने ऑपरेशन कर सौरभ के सिर में फंसी गोली निकाल दी। हालांकि, उनकी हालत अभी भी चिंताजनक बताई जा रही है और उन्हें आईसीयू में रखा गया है।
घटना की जानकारी मिलने पर एएसपी प्रवीण कुमार चौहान और सीओ अंशु जैन ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। पिता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने धीरज और मोनू के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
एएसपी प्रवीण कुमार चौहान ने बताया कि दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है। उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.