जयशंकर ने रूसी विदेश मंत्री लावरोव से की बात, यूक्रेन संघर्ष समेत इन मुद्दों पर हुई चर्चा

HIGHLIGHTS
- विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने सोमवार शाम रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव से फोन पर बातचीत की।
- दोनों नेताओं के बीच यूक्रेन संघर्ष और जारी कूटनीतिक पहलों पर चर्चा हुई।
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की से भी फोन पर बात की।
विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने सोमवार शाम रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव से फोन पर बातचीत की। दोनों नेताओं के बीच यूक्रेन संघर्ष और इस मुद्दे को लेकर चल रही कूटनीतिक पहलों पर चर्चा हुई। जयशंकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट के जरिए इस बातचीत की जानकारी दी।
उन्होंने लिखा, 'हमारी बातचीत का मुख्य केंद्र यूक्रेन संघर्ष और जारी कूटनीतिक पहलें रहीं।' हालांकि, दोनों नेताओं के बीच किन खास मुद्दों पर सहमति बनी और आगे की कूटनीतिक रणनीति क्या होगी, इस बारे में कोई विस्तृत जानकारी नहीं दी गई।
वहीं, सोमवार देर शाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की से भी फोन पर बातचीत की।
पीएम मोदी ने जेलेंस्की से की बात
प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) की ओर से जारी बयान के अनुसार, राष्ट्रपति जेलेंस्की ने बातचीत के दौरान जारी संघर्ष से जुड़े हालिया घटनाक्रम पर अपना पक्ष रखा। दोनों नेताओं ने यूक्रेन में जारी संघर्ष के साथ-साथ भारत और यूक्रेन के बीच आपसी सहयोग बढ़ाने के तरीकों पर भी चर्चा की।
इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने भारत के 'मानव-केंद्रित दृष्टिकोण' को दोहराया। उन्होंने कहा कि भारत का लगातार यही रुख रहा है कि संघर्ष का समाधान बातचीत और कूटनीति के माध्यम से निकाला जाना चाहिए। पीएम मोदी ने यह भी कहा कि शांतिपूर्ण समाधान की दिशा में होने वाले हर प्रयास में भारत अपना योगदान देने के लिए तैयार है।
पीएमओ के बयान में कहा गया कि दोनों नेताओं ने विभिन्न क्षेत्रों में भारत और यूक्रेन के बीच सहयोग को और मजबूत करने के उपायों पर भी विचार किया। इसका उद्देश्य दोनों देशों के लोगों को आपसी तौर पर लाभ पहुंचाना है।
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पोस्ट में क्या लिखा?
राष्ट्रपति जेलेंस्की से फोन पर बातचीत के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया। उन्होंने लिखा कि राष्ट्रपति जेलेंस्की के साथ फोन पर उपयोगी बातचीत करके उन्हें खुशी हुई। इस दौरान दोनों नेताओं ने व्यापक द्विपक्षीय सहयोग की समीक्षा की और भारत-यूक्रेन संबंधों को और मजबूत बनाने पर सहमति जताई।
पीएम मोदी ने आगे लिखा कि जारी संघर्ष, उससे जुड़े मानवीय पहलुओं और शांति बहाल करने के लिए किए जा रहे विभिन्न प्रयासों पर अपना नजरिया साझा करने के लिए उन्होंने राष्ट्रपति जेलेंस्की का धन्यवाद किया। साथ ही, शांतिपूर्ण समाधान की दिशा में हर संभव तरीके से योगदान देने की भारत की मजबूत प्रतिबद्धता भी दोहराई।
बातचीत के बाद राष्ट्रपति जेलेंस्की ने क्या कहा?
प्रधानमंत्री मोदी के साथ बातचीत के बाद यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने कहा कि भारत के लिए यह समझना जरूरी है कि युद्ध खत्म कराने के लिए वह कौन-से कदम उठा सकता है। इसके साथ ही, दूसरे नेताओं के साथ किस तरह की बातचीत की जा सकती है, इस पर भी विचार करना आवश्यक है।
जेलेंस्की ने एक्स पर पोस्ट में कहा कि भारत खाद्य गलियारे बनाने के लिए मध्यस्थता करने को तैयार है। उन्होंने उम्मीद जताई कि ये प्रयास आगे भी जारी रहेंगे।
अबू धाबी में होने वाली बैठक पर क्या बोले जेलेंस्की?
जेलेंस्की ने बताया कि उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी को हाल के कूटनीतिक घटनाक्रमों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यूक्रेन अबू धाबी में होने वाली बैठक के एजेंडे में शामिल हर मुद्दे की तैयारी सक्रिय रूप से कर रहा है।
यूक्रेनी राष्ट्रपति ने कहा कि उनका देश हमेशा रचनात्मक रुख अपनाता रहा है। रूस को भी तनाव कम करने के लिए इसी तरह की तत्परता दिखानी चाहिए।
जेलेंस्की ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी कई बार, यहां तक कि सीधे रूसी नेता से भी कह चुके हैं कि अब युद्ध जारी रखने के बजाय इसे खत्म करने का समय है। उन्होंने दोहराया कि भारत के लिए यह पहचानना जरूरी है कि युद्ध समाप्त कराने के लिए वह क्या कदम उठा सकता है और अन्य नेताओं के साथ किस तरह की बातचीत कर सकता है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.